राजसमंद झील में रविवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नाथद्वारा के जीवा खेड़ा निवासी कमलेश गमेती( 25) पुत्र जमनालाल गमेती अपने पांच साथियों के साथ पीपरड़ा में एक आयोजन में शामिल होने आए थे। गर्मी को देखते हुए सभी युवक राजसमंद झील की नो चौकी पाल पर नहाने पहुंचे। नहाने के दौरान कमलेश अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथियों द्वारा शोर मचाने पर आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना जिला कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद राजनगर पुलिस, सिविल डिफेंस टीम और ओम प्रकाश वैष्णव सिग्मा वाहन के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने शव निकाला बाहर रेस्क्यू टीम ने बताए गए स्थान पर एयर ट्यूब की सहायता से तलाश शुरू की और युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। बाद में शव को राजसमंद जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएंगी। मृतक कमलेश, जगदीश गमेती का जीजा बताया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। प्रशासन ने लोगों से झीलों और गहरे जलाशयों में सावधानी बरतने की अपील की है।


