कोटा का युवक अमेरिका में क्रूज से समुद्र में गिरा:6 दिन बाद भी नहीं मिला, हादसे से एक दिन पहले परिवार से की थी बात

कोटा का युवक अमेरिका में क्रूज से समुद्र में गिरा:6 दिन बाद भी नहीं मिला, हादसे से एक दिन पहले परिवार से की थी बात

कोटा शहर में रहने वाला युवक अमेरिका के बोस्टन तट के पास समुद्र में लापता हो गया। वह एक प्राइवेट शिपिंग कंपनी के क्रूज (जहाज) पर कार्यरत है। 25 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान जहाज से समुद्र में गिरने की सूचना परिवार को दी गई थी। छह दिन बाद भी युवक का पता नहीं चल पाया है। दीपक सिंह राठौड़ (26) को साल 2024 में अमेरिका की प्राइवेट शिपिंग कंपनी में नौकरी मिली थी। वह क्रूज पर शेफ है। युवक के पिता महावीर सिंह राठौड़ कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर के गनमैन हैं। पिता का कहना है कि हादसे से एक दिन पहले बेटे से बात हुई थी। शिपिंग कंपनी की ओर से रेस्क्यू किया जा रहा है। होटल मैनेजमेंट का किया था कोर्स दीपक का परिवार मूल रूप से सीकर का रहने वाला है। वर्तमान में परिवार कोटा के सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास में रहता है। हादसे के बाद परिवार सीकर चला गया है। दीपक ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कोटा में ही पूरी की थी। इसके बाद उदयपुर से होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। युवक के साथ से मिली समुद्र में गिरने की सूचना पिता महावीर सिंह राठौड़ ने बताया- बेटा हादसे वाले दिन अटलांटिक महासागर में क्रूज पर था। उसके साथी के फोन करने पर उसके समुद्र में गिरने का पता चला था। उसकी कंपनी के लोग लगातार रेस्क्यू कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका कुछ सुराग नहीं मिल पाया है। हमने पीएम नरेंद्र मोदी और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को भी लेटर लिखा है। हमारे विभाग के आईपीएस अधिकारियों की ओर से भी मदद की जा रही है। दीपावली पर आया था घर पिता ने बताया कि मेरे दो बेटे हैं। दीपक बड़ा बेटा है। मैं कोटा में बेटों और पत्नी के साथ रहता हूं। अभी फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग मेरा भतीजा कर रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपक दीपावली पर घर आया था तो अपने गांव सीकर भी गया था। वहां उसके दादा-दादी और चाचा रहते हैं। दीपक जैसलमेर में लक्ष्य राज सिंह मेवाड़ के होटल गोरबंद ताज में भी काम कर चुका है। राष्ट्रपति सचिवालय में दायर की याचिका दीपक के मौसेरे भाई करण सिंह भाटी और कुणाल शर्मा ने राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक और कांग्रेस नेता चर्मेश शर्मा से संपर्क किया था। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम राष्ट्रपति सचिवालय में याचिका दायर की है। विदेश मंत्रालय में भी अधिकृत शिकायत दर्ज कराई गई है। याचिका में मांग की गई है कि भारत सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉर्डिनेशन कर बोस्टन समुद्र क्षेत्र में उच्च स्तरीय सर्च ऑपरेशन चलाए, ताकि दीपक को जल्द खोजकर भारत लाया जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *