शोक सभा में आ रहे युवक को कार ने कुचला:इलाज के दौरान घायल की मौत, बेहट रोड पर एम्बुलेंस ने छात्र को मारी टक्कर, घायल

शोक सभा में आ रहे युवक को कार ने कुचला:इलाज के दौरान घायल की मौत, बेहट रोड पर एम्बुलेंस ने छात्र को मारी टक्कर, घायल

ग्वालियर के उटीला थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम कुछ घंटों के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके को झकझोर दिया। एक हादसे में सड़क पार कर रहे युवक की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में कोचिंग जा रहे एक नाबालिग छात्र को 108 एम्बुलेंस ने टक्कर मार दी। दोनों मामलों में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा टांकोली गांव के पास हुआ। गोल पहाड़िया निवासी प्रीतम सिंह सोलंकी मंगलवार शाम उटीला के टांकोली गांव में रिश्तेदारी में आयोजित शोक सभा में शामिल होने पहुंचे थे। वह बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की वैगनआर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रीतम सिंह हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही उटीला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान रात में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अज्ञात वैगनआर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। इसी क्षेत्र में कुछ दूरी पर दूसरा हादसा मुरार-बेहट रोड पर हुआ। टिहोली गांव निवासी छात्र संदीप पाल साइकिल से कोचिंग के लिए जा रहा था। जैसे ही वह मुख्य सड़क पार कर रहा था, तभी ग्वालियर की ओर से आ रही 108 एम्बुलेंस (क्रमांक CG 04 NV-6453) ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क किनारे जा गिरा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाली सरकारी एम्बुलेंस को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। टांकोली हादसे में फरार कार चालक की तलाश जारी है, जबकि एम्बुलेंस चालक के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *