गुना शहर के वार्ड क्रमांक 11 में जनगणना सर्वे के दौरान एक स्थानीय परिवार और महिला कर्मचारी के बीच हिंसक झड़प हो गई। रविवार को हुए इस विवाद में घर की महिलाओं ने सर्वे कर्मचारी को सड़क पर गिराकर पीटा। इस दौरान गोद में बच्चा लिए एक महिला भी कर्मचारी से भिड़ गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़ीं और बच्चा बाल-बाल बचा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। आवेदिका रीना चिढ़ार ने सिटी कोतवाली में शिकायती आवेदन देकर आरोप लगाए हैं। रीना ने बताया कि वह वार्ड क्रमांक 11 के ब्लॉक नंबर 73 में सर्वे कर रही थीं। इसी दौरान अनावेदक कमलेश चिढ़ार ने उनके साथ गाली-गलौज की और उनका सरकारी रजिस्टर छीनकर फाड़ दिया। पल्लू खींचकर नीचे पटका और पेट में मारी लात
रीना ने पुलिस को बताया, “रजिस्टर छूटकर घर के अंदर चला गया था। जब मैं उसे लेने गई, तो आरोपियों ने मेरे गाल पर चांटे मारे और पल्लू खींचकर मुझे नीचे पटक दिया। उन्होंने लात-घूंसों से मारपीट की और मेरे पेट में भी लात मारी। मोहल्ले वालों ने आकर मुझे बचाया।” सड़क पर गिरने के बाद भी जमकर की गई पिटाई
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि घर की एक महिला गोद में छोटा बच्चा लिए हुए ही सर्वे कर्मचारी से भिड़ गई। हाथापाई के दौरान महिला कर्मचारी और बच्चा लिए हुए महिला, दोनों अनियंत्रित होकर गेट से बाहर सड़क पर गिर गईं। गनीमत रही कि सड़क पर गिरने के बावजूद मासूम बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई। फुटेज के अनुसार, महिला कर्मचारी के नीचे गिरते ही घर की अन्य महिलाओं और लड़कियों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही पुलिस
सीसीटीवी फुटेज के शुरुआती दृश्यों से पता चलता है कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी और दोनों ओर से आवेश में आकर हाथापाई शुरू हुई। फिलहाल पुलिस को केवल महिला कर्मचारी का शिकायती आवेदन मिला है। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अब दूसरे पक्ष के बयान दर्ज कर यह तय करने की कोशिश कर रही है कि इस हिंसक झड़प की शुरुआत असल में किसने की थी। कोतवाली थाना प्रभारी TI राजकुमार शर्मा ने बताया कि महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की शिकायत पर मामला दर्ज किया जा रहा है। दोनों का पुराना पारिवारिक विवाद भी है। सर्वे कार्य के दौरान दोनों में मुंहवाद के बाद इस तरह की स्थिति बनी है।


