सहारनपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। सरसावा कट के पास अंबाला-देहरादून हाईवे पर एक कैंटर से हरियाणा मार्का की 340 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। सीओ नकुड़ रुचि गुप्ता ने बताया कि अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरियाणा से बड़ी मात्रा में शराब उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में सप्लाई के लिए भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर सरसावा कट के पास अंबाला-देहरादून हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक कैंटर को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 340 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने मौके से चालक पप्पू सिंह, निवासी रोहडू, जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चालक पप्पू सिंह ने बताया कि उसे वाहन में अंडे भरे होने की जानकारी दी गई थी। उसने दावा किया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे खर्च के पैसे देकर प्रयागराज तक गाड़ी पहुंचाने के लिए कहा था और उसे शराब की खेप के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस और आबकारी विभाग अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि शराब की यह खेप किसने भेजी थी और इसे किसके पास पहुंचाया जाना था। बरामद दस्तावेजों, बिल्टी और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। रुचि गुप्ता ने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।


