बैन होने के कुछ दिनों बाद, इंग्लैंड के स्पिनर समित पटेल ने संन्यास की घोषणा की, BCCI बना वजह

बैन होने के कुछ दिनों बाद, इंग्लैंड के स्पिनर समित पटेल ने संन्यास की घोषणा की, BCCI बना वजह

इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर समित पटेल ने घरेलू क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। यह फैसला उनके टी20 ब्लास्ट से बैन होने के कुछ दिनों बाद आया है। दरअसल पटेल ने इस साल गोवा में खेली गई वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो लीग में हिस्सा लिया था, जिसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मंजूरी नहीं थी। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के नियमों के मुताबिक ऐसे किसी टूर्नामेंट में खेलने वाले क्रिकेटर को छह महीने के लिए घरेलू क्रिकेट से बाहर रखा जाता है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज पीटर सिडल पर भी इसी वजह से बैन लगा था।

41 साल के पटेल ने बीबीसी से कहा, “शायद मैं वो लीग नहीं खेलता। खेलें या नहीं, इसे लेकर काफी उलझन थी, लेकिन अब वो वक्त पीछे छूट गया। इस सब ने बस मेरे फैसले को थोड़ा जल्दी करवा दिया।” उन्होंने आगे कहा, “मैं घरेलू क्रिकेट से विदा ले रहा हूं, लेकिन क्रिकेट से कभी दूर नहीं जाऊंगा। कोचिंग, मेंटरिंग और कमेंट्री में अपना अगला कदम रखने का इंतजार है। इस खेल ने मुझे बहुत कुछ दिया, जिंदगी भर के दोस्त मिले और दुनिया घूमने और ट्रॉफियां जीतने की यादें हमेशा साथ रहेंगी।”

22 साल नॉटिंघमशायर की सेवा

पटेल ने काउंटी क्रिकेट में नॉटिंघमशायर के लिए 22 साल तक क्रिकेट खेली है। क्लब के क्रिकेट डायरेक्टर मिक न्यूवेल ने उनके योगदान को सराहते हुए कहा, “समित की उपलब्धियों ने उन्हें न सिर्फ नॉटिंघमशायर के इतिहास में बल्कि घरेलू क्रिकेट के हर चाहने वाले के दिल में जगह दिलाई है। अपनी काबिलियत और जीत की जिद से मैच पलट देना उनकी खासियत थी। 22 साल तक क्लब के लिए उनका जज्बा देखकर कोई हैरानी नहीं कि वो हमारे सदस्यों और समर्थकों के इतने चहेते रहे।”

पटेल ने डर्बीशायर के लिए भी थोड़े वक्त तक क्रिकेट खेली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने इंग्लैंड के लिए 6 टेस्ट, 36 वनडे और 18 टी20 खेले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में जो धमाल उन्होंने मचाया वो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं दिखा। इंग्लैंड के लिए उनका आखिरी मैच 2015 में शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट था।

2021 में वो टी20 क्रिकेट में 250 विकेट और 5,000 रन का दोहरा कारनामा करने वाले दुनिया के पांचवें और इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बने। 2022 में ट्रेंट रॉकेट्स की द हंड्रेड खिताबी जीत में भी उनकी अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *