मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित विल्सोनिया स्कॉलर्स होम में तीन दिवसीय गोल्डन जुबली वॉलीबॉल ट्रॉफी का सोमवार को समापन हुआ। बालक और बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले प्रतियोगिता के आखिरी दिन खेले गए। प्रधानाचार्या श्वेतांगना संतराम के नेतृत्व में हुई प्रतियोगिता में पहले दिन करीब 50 टीमों ने हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। बालिका वर्ग में केसीएम की टीम पहले स्थान पर रही। विल्सोनिया स्कॉलर्स होम पाकबड़ा दूसरे और एसएस चिल्ड्रन एकेडमी तीसरे स्थान पर रही। बालक वर्ग में राजेंद्र एकेडमी ने पहला स्थान हासिल किया। सेंट मीरा एकेडमी अगवानपुर दूसरे और आरआरके स्कूल आशियाना तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में विल्सोनिया एजुकेशन ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. आशीष संतराम, विल्सोनिया गर्ल्स स्कूल सिविल लाइंस की प्रधानाचार्या संगीता रेवीस, आरएसडी स्कूल के डायरेक्टर डॉ. विनोद कुमार और डॉ. जी कुमार मौजूद रहे। प्रधानाचार्या श्वेतांगना संतराम और उप प्रधानाचार्या शुमायला खान ने अतिथियों का स्वागत किया। डायरेक्टर डॉ. आशीष संतराम और प्रधानाचार्या श्वेतांगना संतराम ने विजेता टीमों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

