रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा के सेक्टर-6 निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी और उसकी पत्नी को डिजिटल अरेस्ट कर 1 करोड़ 89 लाख 28 हजार रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें उत्तराखंड के नैनीताल निवासी देवेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ दीपक और राजस्थान के जयपुर निवासी खुशीराम धाकड़ उर्फ राहुल शामिल हैं। खुशीराम ने साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी, जबकि देवेंद्र के खाते में ठगी की रकम में से 9 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे। पुलिस इस मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और 4.73 लाख रुपए बरामद किए हैं। धारूहेड़ा सेक्टर-6 निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी राजपाल सिंह ने 22 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 और 28 फरवरी को उनके मोबाइल पर अनजान नंबरों से फोन आए। फोन करने वालों ने खुद को ट्राई का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनकी सिम बंद होने वाली है और उनकी आईडी पर गलत तरीके से सिम खरीदी गई है। उनके खिलाफ मुंबई में एफआईआर दर्ज होने और मोबाइल नंबर से अश्लील फोटो व वीडियो भेजे जाने की बात कहकर डराया गया। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताते हुए डिजिटल अरेस्ट करने की बात कही। गिरफ्तारी और मनी लॉन्ड्रिंग के केस में फंसाने की धमकी देकर बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा गया। आरोपियों ने राजपाल और उनकी पत्नी को घर से बाहर नही निकलने तथा किसी से संपर्क नहीं करने की हिदायत दी। इस तरह 3 मार्च से 20 अप्रैल तक अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 89 लाख 28 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। फर्जी पुलिसकर्मी और जज दिखाकर बनाया दबाव आरोपियों ने राजपाल के मोबाइल में एक एप डाउनलोड करवाया, जिसके जरिए उन पर निगरानी रखी गई। एप के माध्यम से उन्हें ऑनलाइन पुलिसकर्मी, हथियार, कोर्ट और जज के दृश्य दिखाए गए। फर्जी जज ने प्रॉपर्टी का वेरिफिकेशन करने के नाम पर उसे बेचने और 70 प्रतिशत राशि सरकारी खजाने में जमा कराने के निर्देश दिए। पहले 11 आरोपी हो चुके गिरफ्तार पुलिस इस मामले में पहले राजस्थान के करौली निवासी रौनक जाटव और पंकज सैनी, उत्तर प्रदेश की सुषमा, उत्तराखंड के दिवांशु, मध्यप्रदेश के मानवेंद्र कौरव और मनविंद्र, दिल्ली के रोहित, जींद के मनोज श्योकंद, पंकज और हरप्रीत तथा गुरुग्राम के अमर शर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद संख्या 13 हो गई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। खुशीराम धाकड़ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि देवेंद्र सिंह बिष्ट को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

