करनाल शहर की नई अनाज मंडी रोड पर जॉन डियर ट्रैक्टर एजेंसी के पास स्थित अग्रवाल मार्केटिंग दुकान में चोरों ने सेंध लगा दी। चोर दुकान का शटर तोड़कर लैपटॉप, टीवी, चांदी की भगवान की मूर्ति समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। दुकानदार के अनुसार चोरी से करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो चोर पीछे की तरफ से दुकान में घुसते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रात 8 बजे दुकान बंद कर घर गया था दुकानदार
असंध निवासी आयुष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करनाल में नई अनाज मंडी रोड पर जॉन डियर ट्रैक्टर एजेंसी के पास उसकी अग्रवाल मार्केटिंग के नाम से दुकान है। परसो रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद करके घर चला गया था। कल सुबह करीब 10 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो शटर टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था और दुकान में चोरी हो चुकी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार वारदात रात करीब 1:30 बजे हुई। चांदी की मूर्ति समेत कीमती सामान ले गए चोर
आयुष के अनुसार चोर दुकान से लैपटॉप, तांबे का तार, भगवान की करीब 2.5 लाख रुपये कीमत की चांदी की मूर्ति, टीवी, डीवीआर, हार्ड डिस्क, लाइटों के बंडल और अन्य सामान चोरी कर ले गए। अभी दुकान में रखे बाकी सामान की जांच की जानी है। इसके बाद चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी सामने आएगी। दुकानदार ने पुलिस से चोरों का पता लगाकर नुकसान की भरपाई करवाने की मांग की है। धारा 303 और 331(4) के तहत केस दर्ज
शिकायतकर्ता आयुष गोयल ने 1 नवंबर को थाना सिटी करनाल में शिकायत दी। बीती रात पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर रदी है। मामले की जांच एसआई विजय कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

