राजस्थान में दिन का तापमान गिरा, रात में सर्दी कम:बाड़मेर 35.6°C के साथ सबसे गर्म, माउंट आबू रहा सबसे ठंडा; जानें-आगे कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में दिन का तापमान गिरा, रात में सर्दी कम:बाड़मेर 35.6°C के साथ सबसे गर्म, माउंट आबू रहा सबसे ठंडा; जानें-आगे कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में इन दिनों मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य में रविवार को अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। बाड़मेर को छोड़कर सभी शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, बाड़मेर समेत कई जिलों में रात में कम ठंडक है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ऊपर दर्ज हो रहा है। राजस्थान में सबसे ठंडा इलाका माउंट आबू रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले 3-4 दिन तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। बाड़मेर में सबसे ज्यादा रहा अधिकतम तापमान भरतपुर, कोटा संभाग में रविवार सुबह हल्की धुंध रही। सूरज चढ़ने के साथ आसमान साफ होने लगा और धूप निकली। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर संभाग में रविवार को दिनभर आसमान साफ रहने से सुहावनी धूप रही। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35.6 ​डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 34.8, चित्तौड़गढ़ में 33.8, फतेहपुर (सीकर) में 33, पिलानी (झुंझुनूं) में 33.1, नागौर व चूरू में 32.8 और श्रीगंगानगर में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर में दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ। शेखावाटी में न्यूनतम तापमान में हो रही बढ़ोतरी राज्य में बारिश थमने और धूप निकलने के साथ ही कुछ शहरों में रात में भी सर्दी का असर थोड़ा कम हो गया। शेखावाटी के चूरू, सीकर, झुंझुनूं, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे था, जहां अब थोड़ी बढ़ोतरी हो गई है। सीकर में न्यूनतम तापमान 15.5, फतेहपुर में 13.9, झुंझुनूं व चूरू में 17.5, पिलानी में 17.8, टोंक में 16.4 और अजमेर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल जयपुर: राजधानी में लगातार दूसरे दिन रविवार को आसमान साफ रहा और धूप रही। हालांकि तापमान में बढ़ोतरी नहीं हुई। जयपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 29.7​ और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने जयपुर में एक सप्ताह मौसम ड्राई रहने का अनुमान जताया है। अलवर: शहर में रविवार को मौसम सामान्य बना रहा। सुबह से धूप खिली रही, लेकिन दोपहर में भी गर्मी का असर नहीं रहा। सुबह, शाम और रात के समय सर्दी का एहसास होने लगा है। सुबह खेतों में फसलों और सूखी घास-फूस पर ओस की बूंदें भी नजर आईं। मौसम में बदलाव के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट आई है। अलवर में रविवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा: शहर में अधिकतम तापमान फिर बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में मामूली कमी हुई है। कोटा में रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में धूप खिली रही। हालांकि अब सुबह-शाम हल्की सर्दी हो रही है। एक सप्ताह तक मौसम ड्राई बने रहने की संभावना है। उदयपुर: लेकसिटी में रविवार को मौसम साफ रहा। ज्यादातर समय धूप रही, लेकिन कुछ समय के लिए बीच-बीच में बादल छाए रहे। रात के तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर: शहर में रविवार को न्यूनतम तापमान 13.9 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फिलहाल एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। अजमेर: शहर में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में पिछले दिनों के मुकाबले बढ़ोतरी हुई। दिनभर धूप खिली रही। सुबह और शाम के समय ठंडक रहने लगी है। जोधपुर: शहर में रविवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। पिछले कुछ दिनों से शहर में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से हल्की सर्दी हो रही है। मौसम विभाग ने कुछ दिनों में सर्दी बढ़ने का अनुमान जताया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *