‘फैंस करें तो ठीक, प्रोडक्शन हाउस ऐसी हरकत क्यों?’ श्रद्धा कपूर की ‘ईथा’ के बीच ‘गंगूबाई’ पोस्ट पर ट्रोल हुआ भंसाली प्रोडक्शंस

‘फैंस करें तो ठीक, प्रोडक्शन हाउस ऐसी हरकत क्यों?’ श्रद्धा कपूर की ‘ईथा’ के बीच ‘गंगूबाई’ पोस्ट पर ट्रोल हुआ भंसाली प्रोडक्शंस

Eetha vs Gangubai: श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है। ट्रेलर सामने आने के कुछ ही समय बाद संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन हाउस ने आलिया भट्ट की फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ से जुड़ा पोस्ट शेयर किया। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भंसाली प्रोडक्शंस को निशाने पर लेना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने इसे श्रद्धा की फिल्म से जोड़ते हुए प्रोडक्शन हाउस पर इंसिक्योंरिटी और जलन दिखाने का आरोप लगाया।

दरअसल, भंसाली प्रोडक्शंस ने शुक्रवार को एक्स पर ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ का पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “दुनिया उसकी कहानी लिख रही थी, गंगूबाई ने कलम अपने हाथ में ले ली।” पोस्ट सामने आते ही यूजर्स ने सवाल उठाया कि आखिर ‘ईथा’ का ट्रेलर रिलीज होने वाले दिन ही ‘गंगूबाई’ को याद करने की क्या जरूरत थी।

‘इनसिक्योरिटी साफ दिख रही है’, यूजर्स ने लगाई क्लास

भंसाली प्रोडक्शंस की इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा,”इस तरह आप अपनी इनसिक्योरिटी दिखाते हैं? फैंस ऐसा करें तो ठीक है, लेकिन एक प्रोडक्शन हाउस का पेज ऐसी बचकानी हरकतें करे तो क्या?”

वहीं, एक अन्य यूजर ने पोस्ट को घटिया हरकत बताते हुए लिखा कि ऐसा करना ठीक नहीं है, खासकर तब जब उसी दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ का ट्रेलर रिलीज हुआ हो। एक और यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि श्रद्धा की सफलता से कोई इतना परेशान कैसे हो सकता है, क्योंकि पोस्ट में जलन और असुरक्षा साफ नजर आ रही है। हालांकि, ‘ईथा’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। दोनों फिल्मों की कहानी अलग है, लेकिन महिला केंद्रित विषय होने के कारण सोशल मीडिया पर इनकी तुलना की जा रही है।

Shraddha Kapoor

पहले सलमान-ऐश्वर्या की तस्वीरें शेयर करने पर भी हुआ था विवाद

यह पहली बार नहीं है जब भंसाली प्रोडक्शंस का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आया हो। कुछ दिन पहले करवा चौथ के मौके पर प्रोडक्शन हाउस के एक्स अकाउंट से फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में सलमान खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की तस्वीरें शेयर की गई थीं। उस पोस्ट को लेकर भी सोशल मीडिया पर प्रोडक्शन हाउस की आलोचना हुई थी। अब ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ से जुड़ी पोस्ट के बाद एक बार फिर प्रोडक्शन हाउस यूजर्स के निशाने पर है।

4 दिसंबर को रिलीज होगी श्रद्धा कपूर की ‘ईथा’

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘ईथा’ में श्रद्धा कपूर लीड रोल में नजर आएंगी। फिल्म को पहले अगस्त 2026 में रिलीज किया जाना था, लेकिन यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ से टकराव से बचने के लिए इसकी रिलीज टाल दी गई। अब ये फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

फिलहाल, दर्शकों की नजर इस बात पर है कि ‘ईथा’ को रिलीज के बाद कैसा रिस्पॉन्स मिलता है। वहीं, सोशल मीडिया पर इसकी तुलना आलिया भट्ट की ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ से जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *