इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र स्थित नशा मुक्ति केंद्र में 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक नगर निवासी सचिन लोधी के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर फैलते ही केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। यहां भर्ती 70 से ज्यादा मरीज केंद्र से भाग निकले। कुछ मुख्य गेट का ताला तोड़कर बाहर निकले तो कुछ बाउंड्रीवॉल फांदकर भाग गए। घटना शनिवार दोपहर 12:30 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही। परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं, इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के भागने से केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। 1 घंटे तक नहीं खुला वॉशरूम का दरवाजा यहां भर्ती सचिन लोधी सुबह नहाने की बात कहकर वॉशरूम में गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर केंद्र में तैनात सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ। करीब एक घंटे तक दरवाजा नहीं खुलने पर गार्ड ने उसे तोड़ा। अंदर सचिन फंदे पर लटका मिला। इसके बाद केंद्र में हड़कंप मच गया। सचिन को तत्काल फंदे से उतारकर एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही 70 से ज्यादा मरीज भाग निकले सचिन की मौत की खबर फैलने के बाद केंद्र में भर्ती मरीजों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान 70 से ज्यादा मरीज केंद्र से भाग निकले। कुछ मरीज मुख्य गेट का ताला तोड़कर बाहर निकले, जबकि अन्य बाउंड्रीवॉल फांदकर भाग गए। अचानक इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के भागने से केंद्र प्रबंधन के सामने स्थिति संभालने की चुनौती खड़ी हो गई। घटना ने केंद्र की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी संख्या में मरीज बाहर निकल गए, लेकिन केंद्र प्रबंधन उन्हें रोक नहीं सका। परिजनों ने प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए मृतक सचिन के जीजा केशव लोधी के मुताबिक, सचिन को करीब एक महीने तीन दिन पहले नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। घटना वाली सुबह ही परिजनों ने केंद्र में पैसे जमा किए थे। इसके कुछ देर बाद उन्हें सचिन की मौत की सूचना मिली। परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि केंद्र में भर्ती युवक की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन की थी। ऐसे में सवाल है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसकी निगरानी क्यों नहीं की गई? थाना प्रभारी बोले- CCTV फुटेज की जांच कर रहे रावजी बाजार थाना प्रभारी मनीष मिश्र ने बताया कि पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, केंद्र से भागे 70 से अधिक मरीजों की तलाश की जा रही है। पुलिस उनके परिजनों से भी संपर्क कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों और केंद्र की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

