लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर जिला प्रशासन और बांसवाड़ा पुलिस की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। यह दौड़ नूतन स्कूल खेल मैदान से शुरू होकर मोहन कॉलोनी और एमजीएच चौराहा होते हुए सरदार पटेल उद्यान तक पहुंची। आयोजन में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली स्टूडेंट्स और नागरिकों ने हिस्सा लिया। सरदार पटेल उद्यान पहुंचने पर प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इस दौरान ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश देते हुए आपसी सद्भावना और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया। एसपी सुधीर जोशी के निर्देशन में जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी पुलिस थानों और कार्यालयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई।

