पंजाब में 2027 के चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) आज दोपहर 12 बजे उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करेगी। CM भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की मीटिंग के बाद इसकी घोषणा की। हालांकि इससे पहले शनिवार यानी आज फिर PAC की मीटिंग होगी। AAP की पहली लिस्ट में 15 उम्मीदवार हो सकते हैं। जिनमें सरकार में मंत्री, लगातार 2 बार के MLA और हाल ही में लगाए हलका इंचार्जों के नाम हो सकते हैं। हालांकि CM या पार्टी ने अभी इसको लेकर कुछ नहीं कहा है। वहीं पार्टी में 30 से 40 विधायकों के टिकटें काटे जाने की अटकलें भी हैं। जानिए, केजरीवाल के घर मीटिंग में क्या हुआ
शुक्रवार को दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर पर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हुआ। जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया, पार्टी नेता सत्येंद्र जैन और जैस्मिन शाह शामिल हुए। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में जुड़े। इस मीटिंग में पार्टी के सर्वे, मंत्रियों-विधायकों और हलका इंचार्जों के पिछले रिकॉर्ड के बारे में चर्चा की गई। पार्टी के इंटरनल सर्वे में उनकी स्थिति के बारे में भी विचार किया गया। 19 हलकों में लगाए थे हलका इंचार्ज
पंजाब में AAP ने फरवरी से अक्टूबर 2026 के बीच करीब 19 विधानसभा हलकों में नए हलका इंचार्ज नियुक्त किए हैं। इनमें कुछ सीटों पर AAP के ही विधायक हैं जबकि कुछ सीटों पर कांग्रेस, भाजपा और अन्य विपक्षी दलों के MLA हैं। 30-40 विधायकों के टिकट कटने की भी चर्चा AAP के टिकट बंटवारे से पहले ही राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं कि 30 से 40 विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। मीडिया में सोर्स के जरिए जो बातें सामने आई हैं, उसमें पार्टी अपने ग्राउंड सर्वे की वजह से विधायकों की जगह नए चेहरों को टिकट दे सकती है। हालांकि पार्टी की तरफ से कभी कोई ऐसी बात नहीं कही गई। पार्टी नेतृत्व की तरफ से इतना जरूर कहा गया कि उम्मीदवारों के सिलेक्शन में क्षेत्रीय समीकरण, जनता के बीच लोकप्रियता, कामकाज और संगठन से मिले फीडबैक को महत्व दिया जा सकता है। AAP के पास फिलहाल पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से 94 विधायक हैं। पार्टी के लिए 2027 में सत्ता बरकरार रखने की चुनौती है। पार्टी ने सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में जमीनी फीडबैक लेने की व्यवस्था भी तैयार की है। इसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र में छह सेक्टर इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं, जो सरकार की योजनाओं और पार्टी के कामकाज को लेकर लोगों की राय जुटा रहे हैं। 2022 में 92 सीटें जीतकर बनाई थी सरकार
2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने पंजाब की 117 में से 92 सीटें जीतकर लैंडस्लाइड विक्ट्री हासिल की थी। इसके बाद भगवंत मान मुख्यमंत्री बने। अब 2027 के चुनाव में पार्टी के सामने अपनी सरकार के कामकाज के आधार पर दोबारा जनता का विश्वास हासिल करने की चुनौती होगी। पार्टी की ओर से मुफ्त बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और विकास कार्यों को चुनाव में प्रमुखता दिए जाने की संभावना है। वहीं, विपक्षी पार्टियां कानून-व्यवस्था, नशा, बेरोजगारी और राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार को घेर रही हैं। —————-
ये भी पढ़ें लोग चाहते हैं-पंजाब में 92 MLA को टिकट न मिले:AAP के 95%, कांग्रेस के आधे, BJP के सभी विधायक नापसंद; भास्कर का सर्वे
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दैनिक भास्कर एप की ओर से किए गए सर्वे में लोगों ने विधायकों पर अपना गुस्सा जाहिर किया। सर्वे में उन्होंने बताया कि प्रदेश के 90% मौजूदा MLA के टिकट काट देने चाहिए। पढ़ें पूरी खबर

