जयपुर के एक होटल में एक युवक की लाश मिली। युवक एक युवती के साथ कमरा लेकर रुका था। दिल्ली रोड पर आमेर-कुंडा स्थित होटल मून महल में नांगल सुसावतान निवासी रवि मीणा (34) ठहरा था। उसके साथ विराट नगर निवासी एक युवती भी ठहरी हुई थी। कमरे में शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे रवि की लाश देखकर युवती ने पुलिस को सूचना दी थी। आमेर थाना पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत की सूचना पर होटल में पहुंची। आमेर थाना पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को आमेर सैटेलाइट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस की प्रथदृष्टया जांच में नशे के ओवर डोज से युवक की मौत होने का अंदेशा लगाया जा रहा है। SHO (आमेर) राजेंद्र गोदारा ने बताया- रवि मीणा चोरी के आरोप में जेल में बंद था। हाल ही जेल से छूटकर रवि मीणा बाहर आया था। नाक से निकल रहा था खून पुलिस को रवि मृतावस्था में कमरे में बेड पर पड़ा मिला। रवि के नाक से खून निकल रहा था। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आमेर सैटेलाइट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में नशे के ओवर डोज से रवि की मौत होने का अनुमान लगा रही है। दूसरे युवक ने लिया था किराए पर कमरा जांच में सामने आया है कि होटल में युवती और एक युवक ने कमरा लिया था। वह युवक गुरुवार को वहां से चला गया। इसके बाद रवि होटल में पहुंचा था। रात में दोनों ने नशा किया था। नशा करने के बाद युवती सो गई, जबकि रवि की नशे के ओवरडोज से मौत होना लग रहा है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

