राजस्थान के 33 जिलों में अर्णब तूफान का अलर्ट: कई जिलों में तेज बारिश की संभावना, 29-30 अक्टूबर को दिखेगा बड़ा असर

राजस्थान के 33 जिलों में अर्णब तूफान का अलर्ट: कई जिलों में तेज बारिश की संभावना, 29-30 अक्टूबर को दिखेगा बड़ा असर

जयपुर। भीषण चक्रवाती तूफान अर्णब के लैंडफाल के बाद मौसम विभाग ने इसके प्रभाव को लेकर अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भी इन दो दिनों के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, सीमावर्ती पश्चिमी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

पूर्वी राजस्थान के सभी 28 जिलों में अलर्ट

अर्णब तूफान को लेकर मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के सभी 28 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर जिले शामिल हैं।

पश्चिमी राजस्थान के 5 जिलों में अलर्ट

पश्चिमी राजस्थान के 13 जिलों में से 5 जिलों में मौसम विभाग ने अर्णब तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें चूरू, डीडवाना-कुचामन, जोधपुर, नागौर और पाली जिले हैं।

31 अक्टूबर को भी हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के कारण राजधानी जयपुर में भी दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है।

जयपुर में 31.6 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

राजधानी जयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन से 1.4 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन के मुकाबले 0.5 डिग्री अधिक दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने तथा स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

यह वीडियो भी देखें :

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *