जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में सोने-चांदी के व्यवसायी को गैंगस्टरों के नाम पर डरा-धमकाकर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने फिरौती न मिलने पर व्यवसायी की बेटी का अपहरण कर उसे विदेश बेचने की धमकी दी है। पीड़ित व्यवसायी मोहनलाल उर्फ मनीष सोनी निवासी रामनगर, चमन गली, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी पिछले कई दिनों से उनके घर की रैकी कर रहे हैं और उनके पूरे परिवार को दहशत में ला दिया है।
प्रार्थी मोहनलाल सोनी ने पुलिस को बताया कि गत 23 अक्टूबर 2026 को उनके मोबाइल पर गणेश सोनी नामक व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए धमकाया कि उन्होंने सोने-चांदी के व्यवसाय से करोड़ों रुपये कमा लिए हैं, इसलिए तुरंत 2 करोड़ रुपये लाकर दें। बेटी को बनाया निशाना, 10 दिन की दी मोहलत व्यवसायी का आरोप है कि मुख्य आरोपी गणेश सोनी ने अपने साथियों पवन सोनी और पीयूष सोनी के साथ मिलकर विभिन्न मोबाइल नंबरों और अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार कॉल्स और व्हाट्सएप मैसेज भेजना शुरू कर दिया। आरोपियों ने धमकी दी कि उनके पास सिर्फ 10 दिन का समय है, यदि तय समय में 2 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो उनकी बेटी का अपहरण कर उसे विदेश में बेच दिया जाएगा। बदमाशों ने यह भी कहा कि उनका धंधा पूरे भारत और विदेशों तक फैला है और जो उनकी मांग पूरी नहीं करता, वे उनकी लड़कियों को उठाकर अवैध धंधों में झोंक देते हैं।
पिस्टल रखकर भेजा वीडियो पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी अपने 4-5 साथियों के साथ गाड़ियों में सवार होकर उनके मोहल्ले में आए और पड़ोसियों से उनके घर की जानकारी जुटाई। इसके बाद व्हाट्सएप पर अपनी कार के भीतर पिस्टल रखकर वीडियो और फोटो भेजे गए, जिससे पूरा परिवार खौफ के साए में है। डर के मारे परिवार का घर से बाहर निकलना तक दूभर हो गया है। इधर पीड़ित की ओर से दी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

