हांसी में मंगलवार रात दो अलग-अलग जगह आग लगने से ई-रिक्शा और हार्डवेयर-सैनिटरी शोरूम का सामान जलकर राख हो गया। कृष्णा कॉलोनी में ई-रिक्शा में आग लग गई, जबकि तोशाम चुंगी के पास गर्ग अस्पताल के सामने स्थित श्री श्याम हार्डवेयर एंड सैनिटरी स्टोर में भीषण आग लग गई। दोनों घटनाओं में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कृष्णा कॉलोनी निवासी ई-रिक्शा चालक जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने रात करीब साढ़े 12 बजे अपने ई-रिक्शा को चार्जिंग से हटाया था। इसके बाद करीब डेढ़ बजे अचानक ई-रिक्शा में भीषण आग लग गई। उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घरों को नुकसान होने से बचा गली में खड़े ई-रिक्शा में लगी आग से आसपास के घरों को नुकसान होने से बच गया, लेकिन ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर राख हो गया जितेंद्र ने बताया कि वह अपने परिवार में अकेले कमाने वाले हैं और ई-रिक्शा चलाकर ही परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ई-रिक्शा जलने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। शोरूम का सामान जला, लाखों का नुकसान दूसरी घटना तोशाम चुंगी के पास गर्ग अस्पताल के सामने स्थित श्री श्याम हार्डवेयर एंड सैनिटरी स्टोर में हुई। शोरूम संचालक गांव ढाणी ठाकरिया निवासी अंकुश ने बताया कि वह पिछले करीब चार साल से यहां अपना कारोबार कर रहे हैं। मंगलवार रात करीब 12 बजे राहगीरों ने फोन कर दुकान के अंदर से धुआं निकलने की सूचना दी। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचित किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अंकुश के अनुसार आग से शोरूम में रखा हार्डवेयर और सैनिटरी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड कर्मचारी विनोद ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और दोनों जगह लगी आग पर काबू पाया। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

