हरियाणा के नारनौल में शहर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी पर हिसार जिले की एक महिला ने नौकरी दिलाने के बहाने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, दूसरी ओर व्यापारी ने भी महिला और उसके कुछ साथियों पर हनीट्रैप में फंसाकर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में शहर थाना नारनौल में भी मामला दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस को दी शिकायत में हिसार जिले की रहने वाली महिला ने बताया कि वह मूल रूप से हिसार की निवासी है और फिलहाल गुरुग्राम में रह रही है। महिला के अनुसार, उसकी फेसबुक के माध्यम से नारनौल के एक व्यापारी से जान-पहचान हुई थी। दोनों के बीच फेसबुक पर बातचीत होने लगी। नौकरी दिलाने के लिए बुलाया महिला ने शिकायत में बताया कि बातचीत के दौरान उसने व्यापारी को नौकरी की जरूरत होने की बात कही थी। आरोप है कि व्यापारी ने उसे नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और इस सिलसिले में नारनौल के एक होटल में बुलाया। महिला का आरोप है कि होटल में व्यापारी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद वहां से चला गया। घटना के बाद महिला ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वह महिला थाने पहुंची और व्यापारी के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। फेसबुक पर हुई बातचीत महिला ने पुलिस को बताया कि व्यापारी के साथ फेसबुक पर हुई बातचीत के बाद ही वह नारनौल आई थी। पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यापारी ने भी दी शिकायत, पैसों की मांग करने का आरोप दूसरी ओर, व्यापारी ने भी शहर थाना नारनौल में शिकायत दी है। व्यापारी ने महिला और उसके कुछ साथियों पर हनीट्रैप में फंसाने तथा पैसों की मांग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस शिकायत पर भी मामला दर्ज किया है। डीएसपी बोले- दोनों शिकायतों की जांच जारी डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि एक महिला ने महिला पुलिस थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं, व्यापारी की ओर से भी महिला और उसके कुछ साथियों के खिलाफ पैसों की मांग करने की शिकायत दी गई है, जिस पर भी मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी के अनुसार, पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

