देवरिया में रामलीला महोत्सव:राम जन्म के प्रसंग का मंचन देख कर भावविभोर हुए श्रद्धालु

देवरिया में रामलीला महोत्सव:राम जन्म के प्रसंग का मंचन देख कर भावविभोर हुए श्रद्धालु

देवरिया के रुद्रपुर में ऐतिहासिक बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित 68वें रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को राम जन्म की लीला का सजीव मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के जन्म का दृश्य मंच पर आते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। रामलीला के दूसरे दिन के मंचन का शुभारंभ समाजसेवी एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भगवान श्रीराम की आरती व दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मानव समाज को सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कलाकारों ने भगवान विष्णु के श्रीराम के रूप में अवतार लेने और अयोध्या में महाराज दशरथ के महल में राम जन्म के प्रसंग का सजीव मंचन किया। राम जन्म होते ही पंडाल में ‘भए प्रगट कृपाला, दीनदयाला, कौसल्या हितकारी’ की चौपाई के साथ जय श्रीराम के उद्घोष गूंजने लगे। रामलीला समिति के अध्यक्ष आनंद सिंह एडवोकेट ने बताया कि बाबा दुग्धेश्वर नाथ की कृपा से वर्षों पुरानी रामलीला की परंपरा को इस वर्ष भी भव्य रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। 10 दिवसीय रामलीला महोत्सव का समापन चार नवंबर को होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *