Microsoft के सह-संस्थापक Bill Gates का जन्मदिन आज, 1975 में रखी थी नींव

Microsoft के सह-संस्थापक Bill Gates का जन्मदिन आज, 1975 में रखी थी नींव

बिल गेट्स का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। 28 अक्टूबर, 1955 को वाशिंगटन में जन्मे बिल ने वर्ष 1975 में पाल एलन के साथ मिलकर सॉफ्टवेयर कम्पनी माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना की। तब कौन जानता था कि एक दिन यह दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी बन जाएगी और गेट्स पर्सनल कंप्यूटर के क्षेत्र में क्रान्ति के अग्रदूत बनेंगे। उनकी तरक्की की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 32 साल पूरे होने के पहले ही 1987 में उनका नाम अरबपतियों की फ़ोर्ब्स सूची में आ गया और कई साल तक वह इस सूची में पहले स्थान पर रहे।
अथाह धन होने के बावजूद बेहद सामान्य और सहज जीवन बिताने वाले बिल गेट्स अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा धर्मार्थ कार्यों एवं समाज सुधार पर खर्च करते हैं। उन्होंने दो किताबें भी लिखीं हैं, द रोड अहेड और बिजनेस @ स्पीड ऑफ़ थॉट्स।
28 अक्टूबर 2020 को पर्यटन और प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल दूर दराज के समुदायों को सौर ऊर्जा उपलब्ध कराने वाले भारतीय संगठन ग्लोबल हिमालयन एक्सपीडिशन (जीएचई) को कोविड-19 महामारी के बीच भी जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रतिष्ठित पुरस्कार ‘यूएन ग्लोबल क्लाइमेट एक्शन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। जीएचई दुनिया का पहला संगठन है जो पर्यटन और प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल दूर दराज के समुदायों तक सौर ऊर्जा पहुंचाने में करता है। जीएचई ‘इम्पैक्ट एक्सपीडिशन’ के तहत पर्यटन से मिले शुल्क और अन्य राशि का इस्तेमाल गांवों में सौर पैनल खरीदने, परिवहन, स्थापित करने और ग्रामीणों को प्रशिक्षित करने में खर्च करता है ताकि बिजली के सूक्ष्म ग्रिड का परिचालन वे स्वयं कर सकें।

देश दुनिया के इतिहास में 28 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1538 : अमेरिका में पहला विश्वविद्यालय, यूनिवर्सिडैड सैंटो टॉमस डी एक्विनो, सैंटो डोमिंगो में स्थापित किया गया।
1867 : स्वामी विवेकानंद की शिष्या भगिनी निवेदिता का आयरलैंड में जन्म।
1886 : अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति ग्रोवर क्लेवलैंड ने फ्रांस की जनता की तरफ से अमेरिकी जनता को तोहफे के तौर पर मिले ‘‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’’ को राष्ट्र को समर्पित किया।
1914 : अमेरिका के चिकित्सा विज्ञानी जोनास एडवर्ड साल्क का जन्म, जिन्होंने पोलियो की पहली सुरक्षित और कारगर दवा ईजाद की।
1955 : पेप्सिको की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूयी का जन्म।
1955 : अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध कंप्यूटर प्रोग्रामर और उद्यमी बिल गेट्स का जन्म।
1962 : क्यूबा का मिसाइल संकट हल होने से विश्व ने राहत की सांस ली।
1971 : ग्रेट ब्रिटेन ने प्रोस्परो का प्रक्षेपण किया। यह एक्स-3 उपग्रह श्रृंखला का पहला उपग्रह था।
2009 : पाकिस्तान के पेशावर शहर में आत्मघाती बम हमले में 117 लोगों की मौत, 213 घायल हुए।
2012 : सीरिया में संघर्ष विराम का उल्लंघन, 128 लोग मारे गये।
2018 : जायर बोल्सोनारो 5.7 करोड़ वोट हासिल कर ब्राजील के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए। वर्कर्स पार्टी के उम्मीदवार फर्नांडो हेडेड दूसरे स्थान पर रहे। 16 साल में पहली बार वर्कर्स पार्टी के उम्मीदवार को नहीं मिली जीत।
2021 : फेसबुक ने कंपनी का नाम ‘मेटा’ किया।
2022 : उद्योगपति एलन मस्क ने ट्विटर की कमान संभाली। इसी दिन दक्षिणी फिलीपीन में बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 42 लोगों की मौत।
2023 : मिस्र में काहिरा और भूमध्यसागर शहर सिकन्दरिया को जोड़ने वाले राजमार्ग पर कई कारों के एक के पीछे एक टकराने से 32 लोगों की मौत। इसी दिन मध्य कजाकिस्तान में कोयला खदान में आग लगने से 33 लोगों की जान चली गई।
2024 : चाड में सैन्य अड्डे पर हुए हमले में 40 सैनिक मारे गए।
2025 : शतरंज के दिग्गज भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश और दिव्या देशमुख ने यूरोपियन चेस क्लब कप 2025 में स्वर्ण पदक जीते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *