महाभारत में ‘कृष्ण’ बने नीतीश भारद्वाज ने साई पल्लवी के सीता के किरदार पर किया पोस्ट, जताई एक बड़ी उम्मीद

महाभारत में ‘कृष्ण’ बने नीतीश भारद्वाज ने साई पल्लवी के सीता के किरदार पर किया पोस्ट, जताई एक बड़ी उम्मीद

Nitish Bharadwaj On Sai Pallavi Sita Role: बी.आर. चोपड़ा की ‘महाभारत’ (Mahabharat) में श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में अपनी खास पहचान बनाने वाले फेमस अभिनेता नीतीश भारद्वाज (Nitish Bharadwaj) इन दिनों सुर्खियों में हैं। उन्होंने रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ (Ramayana: Part 1) की रिलीज से ठीक पहले अपनी पुरानी पोस्ट को फिर से री-पोस्ट किया है। उन्होंने इस एपिक फिल्म को लेकर अपनी खास उम्मीदें जाहिर की हैं। साथ ही उन्होंने अभिनेत्री साई पल्लवी के माता सीता के किरदार को लेकर बड़ा बयान दिया है।

नीतीश भारद्वाज का सोशल मीडिया पर पोस्ट

नीतीश भारद्वाज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘रामायण’ के एक गाने ‘मंगल रंग’ के स्क्रीनशॉट को शेयर किया है, जिसमें कुछ पंक्तियां लिखी थी- “मैं बांसुरी, सांस तू”। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने भारतीय पौराणिक कथाओं के लिए अपने गहरे जुड़ाव को बयां किया है।

अपनी पोस्ट के कैप्शन में नीतीश ने लिखा, “मैं रामायण के बारे में अपनी पिछली पोस्ट की इन लाइनों पर जोर देना चाहता हूं। ‘मुझे बस उम्मीद है कि भारतीय साई पल्लवी को सीता के रूप में स्वीकार करेंगे और मैं फिल्म में कहीं मृदंगम और मंजीरा के बीच तुलसीदास जी की चौपाई भी सुन सकता हूं। यही हर भारतीय की आत्मा में इस महा-काव्य की सही पहचान है।’ क्या कोई लाइनों के बीच पढ़ सकता है?”

नीतीश भारद्वाज का यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश भर के दर्शक इस दो-भाग की महागाथा और इसकी कास्टिंग को लेकर बेहद उत्सुक हैं। वहीं, लॉस एंजिल्स में फिल्म रामायण का वर्ल्ड प्रीमियर हो रहा है। जिसे रिस्पांस भी अच्छा मिल रहा है।

सिनेमाघरों में कब दस्तक देगी ‘रामायण’?

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG व यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनी यह मेगा-बजट फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है। ‘रामायण: पार्ट 1’ इसी साल 5 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के थिएटर्स में रिलीज होने जा रही है।

वहीं, इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगा। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान और हैंस जिमर जैसे दिग्गजों ने मिलकर तैयार किया है, जो दर्शकों को एक बेहद भव्य सिनेमाई अनुभव देने का वादा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *