भास्कर न्यूज|कुडू प्रखंड बाजार में रविवार को लगने वाली सब्जी मंडी में नियम के विरुद्ध ज्यादा चुंगी वसूलने पर सब्जी की खरीद-बिक्री करने वाले व्यापारियों ने हंगामा किया। उन्होंने वसूली का विरोध किया। लगभग दो घंटे तक विरोध होता रहा। विरोध देखकर वसूली करने गए लोग वहां से चुपचाप खिसक गए। वहीं व्यापारियों ने मामले की जानकारी पूर्वी क्षेत्र के जिप सदस्य के प्रतिनिधि लाल गुड्डू नाथ शहदेव को दी। मौके पर पहुंचकर जिप सदस्य प्रतिनिधि ने बाजार संवेदक से जानकारी ली। इस दौरान सब्जी व्यापारी, जिप सदस्य प्रतिनिधि और बाजार संवेदक में कहासुनी हो गई। मामला गरमा गया। इसके बाद जिप सदस्य सब्जी व्यापारियों के साथ कुड़ू थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी नीरज झा से जिला परिषद के निर्देश के अनुसार चुंगी वसूली करने का आग्रह किया। थाना प्रभारी ने संवेदक को व्यापारियों के साथ समन्वय बनाते हुए नियमानुसार चुंगी वसूलने की बात कही। वहीं मामले पर जिप सदस्य प्रतिनिधि लाल गुड्डू ने बताया कि सब्जी व्यापारी, सब्जी विक्रेता सहित बाजार के दुकानदारों ने ज्यादा चुंगी वसूलने की शिकायत की थी। रविवार को भी संवेदक द्वारा ज्यादा चुंगी वसूली किए जाने की जानकारी सब्जी व्यापारियों ने दी। बाजार संवेदक से बात की गई तो वे कई आरोप लगा रहे थे। जिप सदस्य प्रतिनिधि ने बताया कि कुड़ू बाजार में दुकानदारों और सब्जी व्यापारियों से जबरन प्रति पिकअप 500 रुपए से ज्यादा चुंगी वसूली जाती है। जिला परिषद के नियमानुसार सब्जी व्यापारियों से चुंगी वसूली नहीं करनी है। बाजार लगाने वाले दुकानदारों से 10, 20, 30 रुपए चुंगी लेनी है। बाजार संवेदक नाजायज तरीके से 50 से लेकर 100 रुपए प्रति दुकानदार चुंगी वसूल रहा है। इसका विरोध किया जाएगा। जिप सदस्य प्रतिनिधि ने बताया कि चुंगी वसूली में संवेदक की मनमानी को लेकर जिला परिषद की बैठक में संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। लोहरदगा डीसी को मामले की जानकारी दी जाएगी। जांच कर कार्रवाई की मांग की जाएगी। बाजार संवेदक की मनमानी का जोरदार विरोध किया गया। मामले पर थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि मामला आया है। गुरुवार को लगने वाले बाजार में चुंगी वसूली की जांच की जाएगी। जांच के बाद जिला परिषद से पत्राचार कर चुंगी वसूली की जानकारी ली जाएगी। मामले पर बाजार संवेदक जयशील प्रसाद ने बताया कि जिला परिषद के नियमानुसार कुड़ू बाजार में आए दुकानदारों से स्क्वायर फीट के आधार पर चुंगी वसूली जा रही है।

