पटियाला जिले के डकाला क्षेत्र से दिन-दहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक पेट्रोल पंप के पास से युवक ‘नवाब खान’ का काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अपहरण करने के बाद धारदार हथियारों से उसकी नृशंस हत्या कर दी गई। सीआईए स्टाफ पटियाला और समाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से नवाब खान के शव को संगरूर जिले के पास ‘काला झाड़’ गांव स्थित एक गंदे नाले में फेंक दिया था। इस पूरी घटना के दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी से लटकते हुए शव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस तुरंत हरकत में आई। आपसी रंजिश और बहन को परेशान करने का आरोप पुलिस द्वारा की गई प्राथमिक पूछताछ में हत्या की मुख्य वजह पुरानी रंजिश और निजी दुश्मनी सामने आई है> पुलिस के अनुसार, मृतक नवाब खान मुख्य आरोपी ‘सहज’ की बहन को कथित तौर पर परेशान कर रहा था। इसी बात का बदला लेने के लिए सहज ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस किडनैपिंग और मर्डर की साजिश रची। आरोपियों ने वारदात के लिए किराए पर ली गई काले रंग की स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया और गाड़ी के भीतर ही धारदार हथियारों से हमला कर नवाब खान को मौत के घाट उतार दिया। किराए की थी स्कॉर्पियो, पुलिस लेगी रिमांड पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल वाहन रेंट पर लाया गया था। सीआईए स्टाफ और समाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार बरामद किए जा सकें और यदि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है, तो उसकी भूमिका की भी जांच की जा सके।

