जामनगर में अवैध शराब, बीयर की 55 हजार बोतलों पर चला रोड रोलर

जामनगर में अवैध शराब, बीयर की 55 हजार बोतलों पर चला रोड रोलर

Jamnagar: जामनगर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से जब्त की गई 54,991 बोतलों को खुले मैदान में बिछाकर उन पर रोड रोलर चलाया गया। नष्ट की गईं इन बोतलों की कीमत लगभग दो करोड़ तीन लाख रुपए बताई गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शराब और बीयर की ये बोतलें जिले के पंचकोशी ए , पंचकोशी बी, सिक्का, कालावड और लालपुर पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज विभिन्न मामलों में जब्त की गई थीं। संबंधित मामलों में न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद जब्त माल को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

कार्रवाई जामनगर में आरटीओ कार्यालय के निकट स्थित सरकारी भूमि पर की गई। इस दौरान जामनगर ग्राम्य पुलिस, संबंधित पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और पंच मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।शराब की हजारों बोतलों को पहले निर्धारित स्थल पर एकत्र किया गया और बाद में रोड रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई राजकोट रेंज के आईजी निर्लिप्त राय की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई है।

देशी शराब के अवैध कारोबार का पर्दाफाश, मशीन से तैयार हो रहे थे 200 मिली के पाउच

राजकोट. शराबबंदी वाले गुजरात में अवैध शराब कारोबारी अब तकनीक का सहारा लेकर अपने धंधे को नया रूप देने लगे हैं। राजकोट में पुलिस ने ऐसे ही एक हाईटेक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जहां रिहायशी इलाके में एक मकान के अंदर इलेक्ट्रिक मशीन की मदद से देशी शराब को 200 एमएल के पाउच में भरकर पैक किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर 225 लीटर देशी शराब, पाउच बनाने की मशीन और अन्य सामान जब्त किया है।

शहर में अवैध शराब गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त ब्रजेश कुमार झा के निर्देश पर प्रिवेंशन ऑफ क्राइम ब्रांच (पीसीबी) की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मवड़ी मेन रोड स्थित मारूति नंदन नगर में एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारा।पुलिस ने मौके से महेंद्र उकड़िया (19) नामक आरोपी को पकड़ लिया, जो इलेक्ट्रिक मशीन के जरिए देशी शराब की पैकिंग कर रहा था। जांच में 225 लीटर देशी शराब, पाउच पैकिंग मशीन तथा प्लास्टिक रोल बरामद किए गए। जब्त माल की कुल कीमत करीब 1.95 लाख रुपए आंकी गई है।

टंकी से सीधे पाउच में भरी जाती थी शराब

पुलिस जांच में सामने आया कि मशीन के ऊपर टंकी लगाई गई थी, जिसमें तैयार देशी शराब भरी जाती थी। टंकी से शराब सीधे मशीन के माध्यम से प्लास्टिक रोल में भरती थी और कुछ ही सेकंड में 200 एमएल के पाउच तैयार होकर निकल जाते थे। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि करीब डेढ़ महीने से इस तकनीक के जरिए अवैध शराब की पैकिंग का कारोबार संचालित किया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *