सोनीपत के बहालगढ़ रोड स्थित दीवान फार्म पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र नेता अनिकेत शर्मा की अगुवाई में 125 से अधिक छात्र और युवा कांग्रेस पार्टी व उसकी छात्र इकाई एनएसयूआई में शामिल हुए। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान और कांग्रेस नेता भरत नांदल ने नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान युवाओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने की बात कही। बदलाव की राह देख रहा युवा वर्ग : कमल दिवान कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि देश का युवा मौजूदा व्यवस्था और नीतियों से निराश है और बदलाव की राह देख रहा है। नई पीढ़ी यानी जेन-जी का रुझान कांग्रेस और राहुल गांधी के विचारों की ओर बढ़ रहा है। युवा रोजगार, बेहतर शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा जैसे मुद्दों पर अपनी आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं का कांग्रेस से जुड़ना उत्साहजनक है। इससे जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। पार्टी की विचारधारा घर-घर पहुंचाएंगे युवा : अनिकेत शर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छात्र नेता अनिकेत शर्मा ने कहा कि छात्र और युवा देश की राजनीति की दिशा तय करने की ताकत रखते हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। नए सदस्य कॉलेजों, यूनिवर्सिटी, शहरों और गांवों में जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा का प्रचार-प्रसार करेंगे। संगठन में कार्यकर्ताओं को मिलेगा मान-सम्मान : भरत नांदल कांग्रेस नेता भरत नांदल ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन में निष्ठा और लगन से काम करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को उचित मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई हमेशा विद्यार्थियों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। युवाओं के जुड़ने से छात्र संगठन की गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने पार्टी और उसके नेतृत्व के समर्थन में नारेबाजी भी की। कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव भारत नांदल, सचिव पायल मलिक, भाव, रितिक, साहिल, वंश खत्री, मनी, नवदीप और शुभांशु सहित कांग्रेस व एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

