सेक्टर-27 से सेक्टर-60 तक बनी एलिवेटेड रोड पर बार-बार गड्ढे होने की वजह अब IIT रुड़की की टीम तलाशेगी। गुरुवार को टीम नोएडा आकर प्राधिकरण के इंजीनियरिंग विभाग के साथ मौके की जांच करेगी। सड़क की ऊपरी परत से लेकर कंक्रीट और नीचे के स्टील स्ट्रक्चर की स्थिति देखी जाएगी। प्राधिकरण का दावा है कि एलिवेटेड रोड के स्ट्रक्चर पर कोई असर नहीं पड़ा है और यह पूरी तरह सुरक्षित है। हालांकि, तकनीकी जांच के बाद ही गड्ढा होने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्राधिकरण के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद सड़क की मरम्मत शुरू कराई जाएगी। इसमें करीब सात दिन लगने की संभावना है। तब तक एलिवेटेड रोड की सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन बंद रहेगी। यातायात पुलिस ने इसके लिए एडवाइजरी जारी की है। वाहन चालक एलिवेटेड रोड के नीचे बने एमपी-2 मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। रविवार को भरा था गड्ढा, मंगलवार को फिर उखड़ी सड़क एलिवेटेड रोड पर इस्कॉन मंदिर के सामने रविवार को गड्ढा हो गया था। इसे भरवा दिया गया, लेकिन मंगलवार को उसी जगह करीब एक मीटर तक सड़क की परत उखड़ गई। इसके बाद नीचे की स्टील प्लेट और सरिया भी बाहर दिखाई देने लगे। हादसे की आशंका को देखते हुए प्राधिकरण ने तत्काल प्रभावित हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कराकर रास्ता बंद कर दिया। प्राधिकरण के इंजीनियरिंग विभाग ने मौके का निरीक्षण किया। गड्ढा होने की वजह स्पष्ट नहीं होने पर IIT रुड़की से तकनीकी जांच कराने का निर्णय लिया गया। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि समस्या केवल सड़क की ऊपरी परत तक सीमित है या कंक्रीट और स्टील स्ट्रक्चर पर भी इसका असर पड़ा है। ब्रिज कॉरपोरेशन की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी। पिछले महीने भी धंसी थी सड़क एलिवेटेड रोड पर गड्ढा होने की यह पहली घटना नहीं है। पिछले महीने भी सेक्टर-18 की ओर उतरते समय सड़क धंस गई थी और वहां गहरा गड्ढा बन गया था। अब दोबारा सड़क उखड़ने से निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस एलिवेटेड रोड को वर्ष 2017 में आम लोगों के लिए खोला गया था। तकनीकी जांच में यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि बार-बार सड़क खराब होने की वजह निर्माण संबंधी खामी है, सड़क की परतों में खराबी है या कोई अन्य कारण। एलिवेटेड रोड की एक लेन बंद, MP-2 से निकलेंगे वाहन सड़क की मरम्मत और सुरक्षा को देखते हुए 21 अक्टूबर से सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाले एलिवेटेड रोड पर यातायात बंद रखा गया है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से इस हिस्से का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। वैकल्पिक मार्ग के तौर पर एलिवेटेड रोड के नीचे बने एमपी-2 मार्ग से गुजरने की सलाह दी गई है। मरम्मत पूरी होने और सड़क सुरक्षित होने के बाद ही बंद लेन को दोबारा यातायात के लिए खोला जाएगा।

