शिक्षक निर्वाचन की मतपेटिकाओं के लिए स्ट्रांग रूम तैयार:23 अक्टूबर को मतदान के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय में जमा होंगी, सशस्त्र पुलिस बल निगरानी करेगा

शिक्षक निर्वाचन की मतपेटिकाओं के लिए स्ट्रांग रूम तैयार:23 अक्टूबर को मतदान के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय में जमा होंगी, सशस्त्र पुलिस बल निगरानी करेगा

मऊ। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला निर्वाचन प्रशासन ने मतपेटिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद वर्द्धन ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को मतदान समाप्त होने के बाद सीलबंद मतपेटिकाओं और संबंधित गोपनीय अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, मऊ के बगल में स्थित चिह्नित कक्ष को 23 से 24 अक्टूबर तक स्ट्रांग रूम घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जनपद मऊ में शिक्षक निर्वाचन का मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित 10 मतदेय स्थलों पर कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन अधिकारी मतपेटिकाओं को सीलबंद कर संबंधित अभिलेखों के साथ निर्धारित कक्ष में सुरक्षित रखेंगे। सभी पोलिंग पार्टियों की वापसी के बाद सीलबंद मतपेटिकाओं और गोपनीय अभिलेखों को पीठासीन अधिकारियों तथा नियुक्त मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में सशस्त्र पुलिस बल की सुरक्षा के साथ निर्धारित गंतव्य तक भेजा जाएगा। प्रशासन ने निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्था की है। निर्धारित आदेश के अनुसार, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतपेटिकाएं 23 अक्टूबर को गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में जमा कराई जाएंगी। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन ने मतपेटिकाओं के रखरखाव से लेकर उन्हें निर्धारित स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की है। मतदान से लेकर मतपेटिकाओं को जमा कराने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *