फिरोजाबाद के टूंडला नगर में तीन दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के दूसरे दिन रविवार रात श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नगर में दर्जनों स्थानों पर मां दुर्गा के भव्य दरबार सजाए गए। विद्युत झालरों, रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजे पंडाल आकर्षण का केंद्र रहे। शाम को महाआरती के बाद माता रानी के पट खुले तो दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। देर रात तक नगर मां के जयकारों से गूंजता रहा। महोत्सव के दूसरे दिन सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं को पंडालों में विराजमान कराया गया। शाम करीब साढ़े सात बजे महाआरती हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दरबार खोल दिए गए। महिला, पुरुष और बच्चों ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। देखें, 6 तस्वीरें… महल की तर्ज पर सजे पंडाल नगर में विद्या संवर्धिनी धर्मशाला, ठाकुर बीरी सिंह महाविद्यालय, शिव समाधि मंदिर, नॉर्दर्न रेलवे इंटर कॉलेज, एमपी रोड, फ्रेंड्स क्लब, लाइनपार क्षेत्र और वाल्मीकि मंदिर सहित कई स्थानों पर दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजित किया गया। ठाकुर बीरी सिंह महाविद्यालय में महल की तर्ज पर दुर्गा पंडाल सजाया गया। वहीं, पीली कोठी का पंडाल भी भव्य स्वरूप में तैयार किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते पंडालों और अलग-अलग मुद्राओं में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को देखने के लिए श्रद्धालु पहुंचते रहे।
यातायात में बदलाव, पुलिस तैनात महोत्सव में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। चार पहिया और तीन पहिया वाहनों को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने के लिए वाहनों को आगे बढ़ने से रोका गया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आयोजन स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस बल भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखता रहा।

