प्रयागराज के धूमनगंज निवासी प्रॉपर्टी डीलर अंकित कक्कड़ ने अतीक अहमद के करीबी रहे भू-माफिया और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी उन पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। अंकित ने डिप्टी सीएम को प्रार्थना पत्र देकर अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शिकायत में अबू तैयबा, गुड्डू भाड़ समेत कई नाम अंकित कक्कड़ ने अपने शिकायती पत्र में अबू तैयबा, अब्दुल माजिद, हसनैन उर्फ गुड्डू भाड़, अहमद शाद, अबू लैश और शहबाज समेत अन्य लोगों के नाम लिए हैं। आरोप है कि ये लोग उन पर मुकदमों में समझौता करने और FIR वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। अंकित का दावा है कि गुड्डू भाड़, उसके बेटे अहमद शाद और अबू तैयबा के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद धूमनगंज और पूरामुफ्ती पुलिस पर कार्रवाई में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया गया है। पांच लाख की रंगदारी और जमीन धोखाधड़ी के मुकदमों का हवाला अंकित के मुताबिक, उन्होंने धूमनगंज थाने में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में FIR दर्ज कराई है। वहीं, उनकी पत्नी ऋतु कपूर ने पूरामुफ्ती थाने में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। अंकित का आरोप है कि इन्हीं मुकदमों को वापस लेने के लिए उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने शिकायत में कहा है कि कार्रवाई की मांग करने पर उल्टा उन पर ही दबाव बनाया जाता है। शिकायती पत्र में अंकित ने कहा है कि मुकदमे वापस नहीं लेने पर उन्हें फर्जी केस में फंसाकर जेल भेजने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। उनका कहना है कि बच्चों को स्कूल भेजने तक में डर लग रहा है और उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका है। DCP बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई अंकित कक्कड़ ने बमरौली चौकी प्रभारी पर भी आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस मामले में DCP सिटी सागर जैन ने बताया कि शिकायत की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

