अंबेडकरनगर के अकबरपुर में शनिवार रात करीब 10 बजे एसपी आवास के पास डायल 112 में तैनात सिपाही विक्रांत राजभर पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रविवार को तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। खाना खाकर किराये के आवास पर जा रहे थे सिपाही जानकारी के अनुसार, अकबरपुर कोतवाली में डायल 112 पर तैनात सिपाही विक्रांत राजभर टांडा मार्ग स्थित एक होटल में खाना खाने के बाद इंजीनियरिंग कॉलेज के पास अपने किराये के आवास पर जा रहे थे। आरोप है कि एसपी आवास के पास कांशीराम आवास के बगल में रहने वाले आयुष पांडेय से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। इसके बाद आयुष ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर सिपाही पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पांच नामजद समेत अज्ञात पर केस सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की तहरीर पर शनिवार रात 11 बजे आयुष पांडेय, अभय प्रजापति, मोहम्मद सैफ, सनी और शिवा भारती समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। तीन आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश अकबरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस घटना के कारणों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

