हरदा में दशहरे के त्योहार से पहले रविवार शाम को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इसमें सिटी कोतवाली और सिविल लाइन थाने का बल शामिल था। इसका मकसद शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना था। एसडीओपी शालिनी परस्ते के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च कंट्रोल रूम से शुरू होकर मुख्य बाजार, चौराहों और संवेदनशील इलाकों से गुजरा। इस दौरान प्रशासन ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। शरारती तत्वों को कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। फ्लैग मार्च में सिटी कोतवाली थाना टीआई रोशनलाल भारती और सिविल लाइन थाना टीआई आर एस तिवारी सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। अधिकारियों ने सुरक्षा का जायजा लिया और शांति बनाए रखने का संदेश दिया। पुलिस को सतर्क रहने और संवेदनशील जगहों पर निगरानी रखने को कहा गया। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

