महराजगंज के कृत पिपरा प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें कुल 55 मरीजों की जांच की गई और उन्हें मुफ्त दवाएं व जरूरी सलाह दी गईं। शिविर का संचालन नवनियुक्त एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. विक्रम बहादुर ने किया। उन्होंने मरीजों की जांच कर उनकी समस्याओं के अनुसार सलाह दी। डॉ. बहादुर ने लोगों को बदलते मौसम में साफ-सफाई रखने और स्वच्छ पानी पीने की सलाह दी। फार्मासिस्ट इम्तियाज अहमद ने मरीजों को दवाएं बांटीं। लैब टेक्नीशियन गजेंद्र गुप्ता ने जांच में सहयोग किया। वार्ड बॉय छोटेलाल और स्वीपर सह चौकीदार चंद्रेश ने शिविर की व्यवस्थाएं संभालीं। दिनभर स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का आना-जाना लगा रहा। ग्रामीणों ने ऐसे शिविरों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

