उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने 5 मंदिरों में से चोरी वारदात को अंजाम देने वाले शातिर बदमाशों से करीब 22 लाख रुपए कीमत की चांदी की मूर्तियां और छत्र बरामद किए हैं। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि 26 सितंबर 2026 को देर रात डांगियों का गुड़ा गांव में 5 मंदिरों के ताले टूटे थे। चोर यहां से चांदी की मूर्तियां, छत्र और नकदी चुराकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने दो दिन पहले आरोपी कमलेश गमेती, भैरा उर्फ कालू गमेत और मेघाराम गमेती को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों से रिमांड के दौरान की गई सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई 8 किलो 900 ग्राम चांदी की मूर्तियां और छत्र बरामद कर लिए हैं। बरामद किए गए सामान की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपए है। मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी दुर्गेश गमेती की तलाश करते हुए आगे जांच जारी है। चोरी से पहले मोबाइल बंद कर देते थे आरोपी
पुलिस को इनके गोगुंदा से ओगणा मार्ग की पहाड़ियों पर छिपे होने का इनपुट मिला। जिसके बाद घेराबंदी करते हुए इन्हें 2 दिन पहले वहां से पकड़ा था। इस दौरान इन्होंने भागने की कोशिश भी की। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी चोरी से पहले एक जगह एकत्रित होकर शराब पार्टी करते थे। शहर के बाहर ही अपने मोबाइल बंद कर देते थे। इसके बाद सीसीटीवी से बचने के लिए खेतों और पहाड़ियों के रास्तों से आकर वारदात को अंजाम देते थे।

