मैहर में शारदीय नवरात्रि पर मां शारदा देवी मंदिर परिसर में बुधवार शाम मध्यप्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से ‘शक्तिपर्व’ का सांस्कृतिक आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस भक्तिमय कार्यक्रम में भक्ति गायन, लोक संगीत और देवी शक्ति पर आधारित नृत्य-नाटिका की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्ति से सराबोर कर दिया। मंच पर प्रस्तुत भजनों पर दर्शक झूमने लगे और खास तौर पर ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ गीत ने माहौल में समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मां शारदा के चित्र के सामने दीप जलाकर की। इसके बाद कलाकारों ने देवी आराधना पर आधारित एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। देवी गीतों और नृत्य-नाटिका ने मोहा मन सांस्कृतिक संध्या में लोक भक्ति गायन के तहत रीवा की रीता तिवारी और उनके साथी कलाकारों ने सुरीले देवी गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं मुंबई से आए अरविंद कुमार पटेल और उनकी टीम ने मां आदिशक्ति के विभिन्न रूपों पर आधारित नृत्य-नाटिका का जीवंत मंचन किया। इसके बाद गायक रवि त्रिपाठी और उनके साथियों ने भक्ति भजनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही कलाकारों ने ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ भजन गाना शुरू किया, वहां मौजूद श्रद्धालु उत्साह में आकर झूम उठे। एसपी ने गाया भजन, भक्तिमय हुआ माहौल इस सांस्कृतिक संध्या का सबसे खास और अनोखा आकर्षण मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की प्रस्तुति रही। उन्होंने खुद मंच संभालते हुए ‘अंगना पधारो महारानी मोरी शारदा भवानी’ भजन गाकर ऐसा समां बांधा कि पूरा मंदिर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु रहे मौजूद इस भव्य शक्तिपर्व आयोजन में मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर रोशन राय, नायब तहसीलदार शिवभूषण सिंह समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। नवरात्रि के इस पावन मौके पर सुर और ताल के संगम से मां शारदा के चरणों में वंदना की गई।

