बागपत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत बुधवार शाम 4 बजे बागपत स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने भाकियू एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा से करीब 2 घंटे मुलाकात की। टिकैत ने धामा की पत्नी की मौत के मामले में चल रही जांच पर नजर रखने और मदद का भरोसा दिया। दोषियों पर कार्रवाई की मांग नरेश टिकैत ने कहा- मामले में दोषियों को बचाने या गलत तरीके से किसी का नाम हटाने की कोशिश हुई तो आंदोलन किया जाएगा। भाकियू का कहना है कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, निर्दोष लोगों को मामले में नहीं फंसाया जाना चाहिए। 11 महीने पहले सांप के काटने से हुई थी मौत प्रदीप धामा की पत्नी सुंदर देवी की करीब 11 महीने पहले सांप के काटने से मौत हुई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए थे। डॉक्टरों की कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई शुरू हुई। प्रदीप धामा की तहरीर पर सीएमएस अनुराग वार्ष्णेय, डॉ. अश्वनी चौबे और फार्मासिस्ट मोहित त्यागी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। डॉक्टरों ने 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम मंगलवार शाम डॉक्टरों ने जिला अस्पताल में बैठक की। उन्होंने 72 घंटे के भीतर मुकदमा खत्म करने की मांग करते हुए ऐसा न होने पर धरना-प्रदर्शन शुरू करने का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद मामले को लेकर किसान यूनियन ने भी अपना रुख स्पष्ट किया है। नरेश टिकैत ने प्रदीप धामा को भरोसा दिया कि मामले की जांच और कार्रवाई पर नजर रखी जाएगी।

