फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में एक इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आदर्श नगर निवासी 31 वर्षीय पंकज राणा चार दिन पहले आईएमटी स्थित ताजू फोर्जिंग कंपनी में अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। चार दिन बाद पंकज का शव उसके ही एक सहकर्मी के कमरे में पंखे से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। हैरानी की बात यह है कि शव मिलने के बाद से उसका सहकर्मी भी गायब है। परिजन पंकज की मौत को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं और सहकर्मी के मिलने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं। ड्यूटी के लिए घर से निकला था बल्लभगढ़ की आदर्श नगर कॉलोनी में रहने वाला करीब 31 वर्षीय पंकज राणा चार दिन पहले आईएमटी के निकट स्थित ताजू फोर्जिंग कंपनी में नौकरी के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह लापता हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। जिसके रूम से शव मिला, वह सहकर्मी भी लापता पंकज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर चार दिन तक वह कहां रहा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। परिजनों ने यह भी बताया कि जिस सहकर्मी के कमरे में पंकज का शव मिला है, वह भी गायब है। ऐसे में वे सहकर्मी से पूछताछ के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं। कंपनी मैनेजर ने कहा कि जांच में मदद करेंगे वहीं, पंकज जिस कंपनी में काम करता था, उसके एचआर मैनेजर ने कहा कि कंपनी जांच और कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि पंकज एक अच्छा कर्मचारी ही नहीं व्यक्ति भी अच्छा था। पुलिस मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पंकज की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

