मां की डांट से नाराज, घर से निकले दो बेटे:आवारा लड़कों की संगत से परेशान मां ने था खूब डांटा, पानीपत पुलिस तलाश में जुटी

मां की डांट से नाराज, घर से निकले दो बेटे:आवारा लड़कों की संगत से परेशान मां ने था खूब डांटा, पानीपत पुलिस तलाश में जुटी

पानीपत जाटल रोड स्थित कश्यप कॉलोनी से दो सगे भाइयों के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। दोनों युवक किसी अनहोनी या हादसे का शिकार नहीं, बल्कि गलत संगति को लेकर मां द्वारा लगाई गई डांट और फटकार से नाराज होकर घर छोड़कर चले गए हैं। पिछले 5 दिनों से दोनों बेटों का कोई सुराग न मिलने से बेबस मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित मां ने थाना पुराना औद्योगिक पुलिस में गुहार लगाते हुए अपने दोनों बेटों को जल्द से जल्द ढूंढने की मांग की है। गलत संगति में पड़ गए थे दोनों बेटे, मां ने लगाई थी डांट थाना पुराना औद्योगिक पुलिस को दी गई शिकायत में सुनीता निवासी कश्यप कॉलोनी, जाटल रोड ने बताया कि उनके दो बेटे गोलू (19 वर्ष) और निरंजन (18 वर्ष) हैं। मां ने रोते हुए बताया कि उनके दोनों बच्चे कॉलोनी के ही कुछ बिगड़े हुए आवारा लड़कों की संगति में पड़ गए थे। वे पूरा-पूरा दिन उन्हीं लड़कों के साथ बिताते थे और देर रात घर लौटते थे। भविष्य में इस गलत संगति की वजह से बेटों पर कोई आंच न आए या वे किसी कानूनी मुसीबत में न फंस जाएं, इसके लिए उन्होंने दोनों को कई बार प्यार से समझाया था। लेकिन जब वे नहीं माने, तो 5 अक्टूबर को मां ने दोनों को जमकर डांट लगा दी। इसी बात से नाराज होकर दोनों भाइयों ने मां से कहासुनी की और गुस्से में घर से निकल गए। पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, तलाश में जुटीं टीमें मां सुनीता की शिकायत पर थाना पुराना औद्योगिक पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों लड़कों का हुलिया और फोटो आसपास की सभी पुलिस चौकियों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और जिला पुलिस के ग्रुपों में साझा कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज खंगाली जा रही हैं और उनके दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही दोनों भाइयों को तलाश कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *