खैरथल शहर की सड़कों और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर परिषद का अभियान दूसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। शुक्रवार को सुबह 10 बजे शुरू हुई कार्रवाई रात 8:30 बजे तक चली। पांच जेसीबी मशीनों के साथ नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने कई प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे किए गए अस्थाई और पक्के अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान मातोर रोड, अग्रसेन सर्किल, रेलवे स्टेशन रोड, हनुमान सर्किल, तिरंगा मार्केट और शनि मंदिर के सामने सहित कई स्थानों पर सड़क किनारे बने चबूतरे, टीन शेड और अन्य अस्थाई निर्माण हटाए गए।लंबे समय बाद शहर में बड़े स्तर पर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को देखने के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ भी जुटी रही। सभापति बोले -रास्ते खुलेंगे तो बढ़ेगा कारोबार अभियान के दौरान नगरपरिषद सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने कई स्थानों पर व्यापारियों और दुकानदारों से हाथ जोड़कर सड़क व सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने की अपील की। सभापति ने कहा कि जब शहर की सड़कें अतिक्रमण मुक्त होंगी तो खैरथल की तस्वीर सुंदर दिखाई देगी,राहगीरों का आवागमन बढ़ेगा और इसका सीधा फायदा शहर के व्यापार को भी मिलेगा। कार्रवाई के दौरान JEN मोतीलाल वर्मा,अतिक्रमण हटाओ दस्ता प्रभारी हवासिंह,नगरपरिषद कर्मचारी मनोज चौधरी सहित अन्य कर्मचारी और पुलिस टीम मौजूद रही। पांच जेसीबी मशीनों की मदद से अलग-अलग स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

