बड़वानी जिले सहित देशभर में 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। जिला मुख्यालय और ग्रामीण इलाकों में माता की पूजा-आराधना होगी। शहर के गरबा पंडालों में तैयारियां आखिरी दौर में हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने लोगों से भारतीय संस्कृति अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को पश्चिमी संस्कृति से दूर रहकर अपनी मूल भारतीय संस्कृति और मूल्यों को अपनाना चाहिए। नियम और गाइडलाइन जारी यादव ने बताया कि जिला प्रशासन ने गरबा आयोजनों के लिए नियम और गाइडलाइन जारी की हैं। इनमें त्योहार की पवित्रता बनाए रखने, तय समय सीमा का पालन करने और पारंपरिक कपड़े पहनने जैसी बातें शामिल हैं। अजय यादव ने मातृशक्ति से संस्कृति और धर्म को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने बड़वानी के वैष्णो देवी, मां कालिंका और मां मोटी माता मंदिर जैसे प्राचीन मंदिरों में गरबा से पहले दर्शन करने को कहा।

