11 साल की उम्र में रुहानिका धवन ने झेली बॉडी शेमिंग, अब वजन को लेकर बोलीं- मुझे बहुत ज्यादा फर्क पड़ा था

11 साल की उम्र में रुहानिका धवन ने झेली बॉडी शेमिंग, अब वजन को लेकर बोलीं- मुझे बहुत ज्यादा फर्क पड़ा था

Ruhaanika Dhawan On Body Shaming: टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ में बतौर बाल कलाकार पहचान बनाने वाली अभिनेत्री रुहानिका धवन इन दिनों ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को लेकर चर्चा में हैं। शो के दौरान अपने स्टंट और फिटनेस को लेकर सुर्खियां बटोर रहीं रुहानिका ने अब अपने बचपन के उस दौर के बारे में बात की है, जिसने उनके आत्मविश्वास और शरीर को लेकर सोच को काफी प्रभावित किया। अभिनेत्री ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान वजन बढ़ने के बाद उन्हें महज 11 साल की उम्र में अपने शरीर को लेकर लोगों की टिप्पणियां सुननी पड़ी थीं।

रुहानिका धवन ने पर्सनल लाइफ को लेकर की बात

जूम को दिए एक इंटरव्यू में रुहानिका ने बताया कि लॉकडाउन से पहले उनकी जिंदगी काफी सक्रिय थी। वह प्रोफेशनल स्तर पर तैराकी करती थीं और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थीं। लेकिन कोरोना महामारी के दौरान सब कुछ अचानक बंद हो गया। स्कूल की पढ़ाई ऑनलाइन हो गई और घर में रहने के कारण उनकी शारीरिक गतिविधियां काफी कम हो गईं।

रुहानिका ने बताया कि उस दौरान उनका ज्यादातर समय पढ़ाई और खाने में गुजरता था। इसी वजह से उनका वजन बढ़ गया। उस समय वह सिर्फ 11 साल की थीं और शरीर में हो रहे बदलावों को लेकर आने वाली टिप्पणियों ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने माना कि शरीर को लेकर की गई बातें आज भी कभी-कभी उन्हें बुरा महसूस कराती हैं।

मां ने फिटनेस की ओर बढ़ाया कदम

रुहानिका की मां ने बाद में उन्हें दोबारा सक्रिय होने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने शुरुआत में यूट्यूब पर वर्कआउट वीडियो देखकर एक्सरसाइज और HIIT करना शुरू किया। इसके बाद उनकी दिलचस्पी मार्शल आर्ट्स में बढ़ी, जो आगे चलकर उनकी फिटनेस रूटीन का अहम हिस्सा बन गया।

अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने वजन कम करने के लिए किसी तरह के बेहद कठिन या असामान्य तरीके का सहारा नहीं लिया। उन्होंने धीरे-धीरे अपनी डाइट और एक्सरसाइज में बदलाव किया। बिस्किट और ज्यादा मीठी चीजों को कम किया और हल्का खाना तथा प्रोटीन को अपनी डाइट में शामिल किया।

रुहानिका ने बताया कि वह करीब छह साल से नियमित रूप से वर्कआउट और साफ-सुथरी डाइट पर ध्यान दे रही हैं। हालांकि, इस सफर के दौरान शरीर को लेकर आई असुरक्षा पूरी तरह खत्म नहीं हुई। उनका कहना है कि अब वह खुद को ज्यादा प्यार देना सीख रही हैं।

‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में दिखाया दम

रुहानिका धवन ने हाल ही में रोहित शेट्टी के रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में हिस्सा लिया। शो में कई पुराने और नए कलाकारों ने खतरनाक स्टंट्स का सामना किया। सीजन में करण वाही, ऋत्विक धनजानी, रुबीना दिलैक, फरहाना भट्ट, विशाल सिंह और हर्ष गुजराल जैसे कलाकार भी नजर आए। शो के अंत में अविनाश मिश्रा विजेता बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *