सीकर में खाटूश्यामजी में दर्शन करने उत्तर प्रदेश से आए पति-पत्नी ने होटल कर्मचारी व उसके दोस्तों को सरकारी नौकरी का झांसा देकर 14 लाख रुपए ठग लिए। और अब जान से मारने की धमकी दी है। मामले में सुटोट निवासी पीड़ित हंसराज ने खाटूश्यामजी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर भरोसे में लिया पीड़ित हंसराज ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह नारायणी पैलेस होटल में काम करता है। यहां 13 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे आगरा निवासी गजेंद्र कुमार और उसकी पत्नी अंशु आए। दोनों ने होटल में कमरा लिया और रात को यहीं पर रुक गए। 14 सितंबर की सुबह उन्होंने हंसराज को कहा कि हमें कोई प्लॉट या जमीन दिखाओ। ऐसे में हंसराज ने अपने परिचित लोगों से बात करके करीब 5-6 प्रॉपर्टी दोनों पति-पत्नी को दिखाई। रींगस रोड पर पति-पत्नी को एक प्लॉट ठीक लगी जिसकी दोनों ने बातचीत कर ली। इसके बाद कहा कि हम अपने पिताजी और मामा को यहां बुलाकर प्लॉट दिखाएंगे। इसके बाद प्लॉट दिखा दिया। बुकिंग अमाउंट देने के नाम पर बहाना बनाया पीड़ित हंसराज ने बताया कि आरोपियों को प्लॉट का 25% अमाउंट बुकिंग के नाम पर 25 सितंबर को देने की बात हुई। जब 25 सितंबर को हंसराज ने आरोपी गजेंद्र को कॉल किया तो उसने कहा कि हमारे अकाउंट में कोई टेक्निकल प्रॉब्लम आ रही है। इसलिए अकाउंट से पैसा नहीं निकल रहा। दिल्ली जाकर पैसा निकालना पड़ेगा क्योंकि हमें और भी जगह इन्वेस्टमेंट करना है। सरकारी नौकरी लगवाने का दिया झांसा इसके बाद गजेंद्र ने हंसराज को कहा कि तुम यहां पर 10 से 15 हजार रुपए में अपना जीवन क्यों खराब कर रहे हो। मेरी पत्नी दिल्ली पुलिस हेड ऑफिस में नौकरी करती है। अभी लखनऊ में 5 अक्टूबर को मेडिकल है और फिर पत्नी का DYSP के पद पर सिलेक्शन हो जाएगा। गजेंद्र ने हंसराज को कहा कि उसके पिता भी दिल्ली हेड पोस्ट ऑफिस में दुष्यंत मुद्गल के पास बैठते हैं। उनसे बात करके तुम्हें काम लगवा दूंगा। गजेंद्र और उसकी पत्नी ने कहा कि तुम्हारा काम जब तक 100% नहीं होगा तब तक हम यहीं पर बैठे हैं। पीड़ित और उसके साथियों से 14 लाख ठगे पहले की कोई संविदा भर्ती का केस कोर्ट में चल रहा था, लेकिन कुछ समय पहले ही कोर्ट का निर्णय आ चुका है जिसमें संविदा कर्मचारियों को परमानेंट किया जाएगा। इसलिए मैं सेटिंग करवाकर तुम्हारी सरकारी नौकरी लगवा दूंगा। इसके बदले डेढ़ लाख रुपए दे दो। -आरोपी गजेंद्र गजेंद्र ने हंसराज को कहा कि वह उसके अलावा दोस्तों की भी नौकरी लगवा देगा। इसके बाद गजेंद्र और उसके 10-12 साथियों ने नौकरी लगने के लिए 14 लाख रुपए गजेंद्र को दे दिए। भरोसे में लेकर पोस्ट ऑफिस लेकर गया, फिर टॉयलेट के बहाने उतरकर भागा गजेंद्र उन्हें विश्वास में लेने के लिए सीकर के पोस्ट ऑफिस लेकर आया और शास्त्री नगर पोस्ट ऑफिस में भी लेकर गया। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवाने के नाम पर उदयपुर लेकर गया। वहां रास्ते में एक होटल पर टॉयलेट के बहाने उतरा और वापस ही नहीं आया। जब हंसराज ने गजेंद्र को कॉल किया तो उसने कहा कि मैं तुम्हारा काम करवा दूंगा या रुपए वापस दे दूंगा। तुम पुलिस में मुकदमा मत करवाना। दो दिन पहले गजेंद्र ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि तुम लोगों ने किसी तरह की कोई कार्रवाई की तो गुंडे भिजवाकर तुम्हें मरवा दूंगा,तुम मुझे हल्के में मत लेना। फिलहाल हंसराज की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

