हिसार में दूसरी बार मिले तुर्की में बने हथियार:अब तक 3 पिस्तौल मिली, एक बार में 15 राउंड तक फायरिंग कर सकती है

हिसार में दूसरी बार मिले तुर्की में बने हथियार:अब तक 3 पिस्तौल मिली, एक बार में 15 राउंड तक फायरिंग कर सकती है

हिसार की थाना सदर हिसार पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मय्यड़-खरड़ मार्ग (फार्म हाउस के पास) से आरोपी जसबीर उर्फ जस्सू (निवासी खरड़ अलीपुर) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तुर्किये निर्मित जिगाना .32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 ला रुपए आंकी गई है। अब तक हिसार में 3 पिस्टल, कारतूस और मैग्जीन मिल चुके हैं। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार भारत में प्रतिबंधित है और यह सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल एक बार में 15 से 17 राउंड तक फायरिंग कर सकती है। इस तरह के हथियार अपराधियों व गैंगस्टर नेटवर्क के बीच चर्चित रहे हैं। गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई गश्त और जांच के दौरान सहायक उप-निरीक्षक (ASI) प्रवीन कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम मय्यड़ क्षेत्र में मौजूद थी। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी जसबीर को काबू किया। तलाशी के दौरान उसकी बैरल पर अंग्रेजी में ‘जिगाना .32 बोर’ लिखा अवैध हथियार मिला। लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। आरोपी के खिलाफ थाना सदर हिसार में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि अवैध हथियार की सप्लाई चेन (मूल स्रोत) और सीमा पार से तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। एसपी हिसार की सख्त चेतावनी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने हिसार में अवैध हथियार धारकों, खरीदारों और तस्करों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। एसपी का कहना है कि पुलिस केवल जब्ती तक सीमित न रहकर यह पता लगाएगी कि हथियार कहां से खरीदा गया और किसे बेचा जाना था, ताकि पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त किया जा सके। अवैध हथियारों के प्रयोग या खरीद-फरोख्त में शामिल पाए जाने पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि आसपास कोई व्यक्ति अवैध असलहा रखता है या उसकी तस्करी करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *