जयपुर से आई विशेष टीम ने पारसोली में पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजनाओं का फीडबैक लिया। टीम ने बुधवार को गांव की गलियों और मोहल्लों में पहुंचकर किसानों से सीधी बात की। निरीक्षण दल में अधिकारी खेमराज ओला, मुकेश सिंह और विकास कुमार शामिल थे। पारसोली पटवारी आशुतोष भी टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों से किस्तों के नियमित भुगतान और बैंक खातों में राशि पहुंचने की स्थिति के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें इन योजनाओं की राशि नियमित रूप से मिल रही है। इससे खेती-बाड़ी के कामों में आर्थिक मदद मिलती है। किसानों ने योजनाओं के संचालन पर संतोष जताया और सरकार की पहल की सराहना की। विशेष टीम ने किसानों से मिले सुझावों और शिकायतों को भी दर्ज किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर किसी पात्र किसान को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है या भुगतान में कोई बाधा है, तो उसका समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

