प्रतापगढ़ के अंबेडकर चौराहे पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे समाजवादी पार्टी की महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की और पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देकर पुतला जला दिया। आग लगते ही पुलिसकर्मी उसे बुझाने दौड़े और पानी डालकर बुझाई। अंबेडकर चौराहे पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात थी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, पर महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जारी रखा।
प्रदर्शन से अंबेडकर चौराहे और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक पर असर पड़ा। करीब एक किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को जाम से जूझना पड़ा। सपा महिला कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

