मुंबई में हजारीबाग के कुक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत:शव घर लाने के लिए परिवार ने मांगी मदद, मां, पत्नी और दो बच्चों के सामने आर्थिक संकट

मुंबई में हजारीबाग के कुक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत:शव घर लाने के लिए परिवार ने मांगी मदद, मां, पत्नी और दो बच्चों के सामने आर्थिक संकट

हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के चलनियां नावाडीह गांव निवासी राजू राम की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। राजू मुंबई के एक होटल में कुक का काम करते थे। उनकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के मुताबिक, राजू की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। ऐसे में परिवार और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। मां, पत्नी और दो बच्चों के सामने आर्थिक संकट राजू राम के परिवार में उनकी मां सुकरी देवी, पत्नी अनिता देवी, 15 वर्षीय बेटा अनमोल कुमार और 10 वर्षीय बेटी अंकिता कुमारी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। राजू ही परिवार के लिए कमाई का प्रमुख सहारा थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सबसे बड़ी परेशानी शव को मुंबई से हजारीबाग लाने की है। परिजनों का कहना है कि उनके पास शव को घर लाने के लिए जरूरी खर्च की व्यवस्था नहीं है। परिवार ने जिला प्रशासन से तत्काल आर्थिक और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। बेटे ने प्रशासन से लगाई शव घर लाने की गुहार राजू के बेटे अनमोल कुमार ने जिला प्रशासन से अपने पिता का शव मुंबई से हजारीबाग लाने में मदद करने की अपील की है। परिजनों और ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शव को जल्द घर पहुंचाने की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की असली वजह स्पष्ट होनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इधर, श्रमिक नेता सिकंदर अली ने राजू राम के परिवार से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। परिवार को अब प्रशासन से सहायता मिलने का इंतजार है, ताकि राजू का अंतिम संस्कार गांव में किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *