श्रावस्ती में नाबालिग लड़की को शादी के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में भिनगा कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार शाम को 4:00 बजे पुलिस विभाग ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी छोटू, उसका भाई लालू उर्फ रंजीत और पिता दीपक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जौगढ़ गांव निवासी एक व्यक्ति ने 28 जुलाई 2026 को भिनगा कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव निवासी छोटू ने अपने भाई लालू और पिता दीपक के सहयोग से उसकी नाबालिग पुत्री को शादी के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर भगा लिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में रविवार, 4 अक्टूबर को प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सत्या भट्ठा जाने वाली सड़क पर मुख्य मार्ग से करीब 150 मीटर दूर एक बंद मकान के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग का एक मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन और तलाशी में मिले दो अन्य मोबाइल फोन के साथ 450 रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू पुत्र दीपक, लालू उर्फ रंजीत पुत्र दीपक और दीपक पुत्र राम विलास, निवासी जौगढ़, थाना कोतवाली भिनगा के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर की गई कार्रवाई के बाद आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

