फालना स्टेशन पर रुकेंगी हरिद्वार-वेरावल, हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस:हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा

फालना स्टेशन पर रुकेंगी हरिद्वार-वेरावल, हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस:हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा

पाली के फालना रेलवे स्टेशन पर हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस (14326/14325) और हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस (14328/14327) के ठहराव को मंजूरी मिल गई है। पाली सांसद एवं ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ संबंधी संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने फालना और बाली विधानसभा क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने रखा था। दोनों ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के लोगों को हरिद्वार आने-जाने में सुविधा मिलेगी। यात्री सुविधा और रेल कनेक्टिविटी में होगा सुधार सांसद चौधरी ने बताया कि पाली संसदीय क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दे समय-समय पर रेल मंत्री के सामने उठाए जाते रहे हैं। यात्री मांग और परिचालन जरूरतों के अनुसार रेल सेवाओं के विस्तार के तहत दोनों ट्रेनों के फालना स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी मिली है। इससे फालना के साथ बाली विधानसभा क्षेत्र और आसपास के यात्रियों को उत्तर भारत और गुजरात के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन और व्यापारिक केंद्रों के लिए बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। हरिद्वार प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल है, जबकि वेरावल सोमनाथ क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेल संपर्क केंद्र है। वहीं ओखा-द्वारका क्षेत्र का धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व है। हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका जाना होगा आसान हरिद्वार-वेरावल और हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस के मार्ग में राजस्थान के जयपुर, किशनगढ़, अजमेर और फालना सहित गुजरात के कई महत्वपूर्ण शहर आते हैं। फालना में ठहराव होने से क्षेत्र के यात्रियों को हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका सहित विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। सांसद ने रेल मंत्री और पीएम का जताया आभार सांसद पीपी चौधरी ने दोनों ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पाली संसदीय क्षेत्र में यात्री सुविधाओं और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार रेल मंत्रालय के सामने लगातार मांगें रखी जा रही हैं। फालना रेलवे स्टेशन पर दोनों महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के ठहराव की मंजूरी मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। स्थानीय नागरिकों, यात्रियों और व्यापारिक वर्ग ने इसे फालना और आसपास के क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताते हुए सांसद पीपी चौधरी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *