गुरुग्राम में जमीन विवाद को लेकर चले ईंट-पत्थर:पातली गांव में 7 कनाल जमीन का झगड़ा, 40 लोग कब्जा करने पहुंचे; महंगी गाड़ियां तोड़ीं

गुरुग्राम में जमीन विवाद को लेकर चले ईंट-पत्थर:पातली गांव में 7 कनाल जमीन का झगड़ा, 40 लोग कब्जा करने पहुंचे; महंगी गाड़ियां तोड़ीं

गुरुग्राम में फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पातली गांव में जमीन कब्जे को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। विवादित जमीन पर जबरन कब्जा करने पहुंचे एक पक्ष के करीब 30 से 40 लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में शिकायतकर्ता पक्ष के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि जवाबी कार्रवाई में हमलावर पक्ष की गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। खेत में काम करते समय हुआ अचानक हमला पुलिस को दी गई शिकायत में पातली गांव के निवासी राजकुमार ने बताया कि दो अक्टूबर की दोपहर करीब एक बजे वह अपने परिवार के साथ खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही दिनेश, अजय और शिवम नाम के व्यक्ति करीब 30 से 40 अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे। जबरन जमीन पर कब्जे का प्रयास राजकुमार का आरोप है कि ये सभी लोग जबरन उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से आए थे। जब राजकुमार और उनके परिवार ने इस अवैध कब्जे का विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में राजकुमार के पक्ष के कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रजिस्ट्री और कोर्ट स्टे के बीच उलझा है विवाद दरअसल यह पूरा विवाद एक जमीन के टुकड़े के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से चल रहा है। बताया जा रहा है कि दिनेश पक्ष के पास विवादित जमीन के एक हिस्से की करीब 6 कनाल 19 मरले की रजिस्ट्री मौजूद है। वहीं, दूसरी ओर लगभग 7 कनाल 12 मरले की जमीन पर दिनेश और अजय का कब्जा है, जहां उन्होंने अवैध रूप से प्लॉट काट रखे हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि इस पूरी जमीन को लेकर पिछले दो वर्षों से कोर्ट का स्टे आदेश लागू है। कोर्ट का स्टे होने के बावजूद, शुक्रवार को दिनेश पक्ष ने भारी संख्या में बाहरी लोगों को बुलाकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया, जिसके कारण यह विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलते ही फर्रुखनगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया, जहां हमलावर पक्ष की क्षतिग्रस्त गाड़ियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच के बाद साफ होगी स्थिति फर्रुखनगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पातली गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और गाड़ियों में तोड़फोड़ की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज कर ली है। जमीन के कागजात और कोर्ट के स्टे ऑर्डर की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखे हुए है

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *