दतिया की लहार हवेली ग्राम पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव के बाद कराए गए सरपंच पद के उपचुनाव का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। मतगणना में मंजू देवी भारकर ने अपनी प्रतिद्वंद्वी संगीता को 222 वोट से हराकर जीत दर्ज की। चार मतदान केंद्रों पर कुल 1665 मत पड़े। इनमें मंजू देवी को 935 और संगीता को 713 वोट मिले, जबकि 17 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। मतगणना रामगढ़ रोड स्थित नवीन भांडेर तहसील कार्यालय में शनिवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। जनपद पंचायत सीईओ सुमन चक और तहसीलदार सुनील भदौरिया की मौजूदगी में मतों की गणना कराई गई। परिणाम घोषित होने के बाद विजेता प्रत्याशी के समर्थकों में उत्साह देखा गया। चारों केंद्रों का परिणाम
मतदान केंद्र क्रमांक 143 पर मंजू देवी भारकर को 297 और संगीता को 119 वोट मिले। केंद्र क्रमांक 142 पर मंजू देवी को 227, जबकि संगीता को 160 वोट प्राप्त हुए। तीसरे मतदान केंद्र पर मुकाबला संगीता के पक्ष में रहा, जहां उन्हें 296 और मंजू देवी को 170 वोट मिले। चौथे केंद्र पर मंजू देवी को 241 और संगीता को 138 वोट मिले। इस तरह सभी चार केंद्रों के परिणाम को मिलाकर मंजू देवी भारकर 935 वोट के साथ विजयी रहीं। संगीता को 713 वोट मिले और दोनों के बीच जीत का अंतर 222 वोट रहा। 20 पंचों ने जताया था अविश्वास
लहार हवेली में यह उपचुनाव सीधे तौर पर पूर्व सरपंच गुड़िया राजेंद्र परिहार के खिलाफ पारित अविश्वास प्रस्ताव के बाद हुआ। 29 सितंबर 2025 को ग्राम पंचायत के 25 में से 20 पंचों ने तत्कालीन सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए एसडीएम के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बाद नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया। 13 अक्टूबर 2025 को हुई वोटिंग में तत्कालीन सरपंच के पक्ष में एक भी वोट नहीं पड़ा। इस तरह अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया और सरपंच का पद रिक्त होने के बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। अब उपचुनाव के परिणाम के साथ लहार हवेली पंचायत को नया सरपंच मिल गया है। मंजू देवी भारकर की जीत के बाद पंचायत में नई कार्यकारिणी के साथ कामकाज आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।

